जन्मदिन पर उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा का स्वच्छता संदेश, ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम-2026 को जनआंदोलन बनाने की अपील

रायपुर,19 जुलाई 2026
उपमुख्यमंत्री, पंचायत एवं ग्रामीण विकास तथा गृह मंत्री विजय शर्मा ने अपने जन्मदिन के अवसर पर प्रदेशवासियों, विशेषकर ग्रामीण नागरिकों से स्वच्छता को जनभागीदारी का अभियान बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि “स्वच्छता में ही भगवान का वास होता है” और स्वच्छ गांव ही स्वस्थ, समृद्ध एवं आत्मनिर्भर समाज की आधारशिला हैं। उन्होंने सभी ग्रामवासियों से ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम-2026 का पालन करते हुए इसे जनआंदोलन का स्वरूप देने की अपील की।
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि जिस प्रकार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर हर घर शौचालय निर्माण को जनआंदोलन बनाया गया, उसी प्रकार अब हर घर से कचरे का पृथक्करण सुनिश्चित करना होगा। उन्होंने कहा कि जनसहयोग से ही स्वच्छता अभियान को स्थायी सफलता मिल सकती है।
उन्होंने बताया कि जिला पंचायत द्वारा जिले की 60 ग्राम पंचायतों में स्रोत पर कचरा पृथक्करण अनिवार्य किया गया है। इसके तहत प्रत्येक परिवार को चार रंगों के डिब्बों में कचरा अलग-अलग रखने के लिए जागरूक किया जा रहा है। हरे डिब्बे में गीला एवं जैविक कचरा, नीले डिब्बे में सूखा कचरा, लाल डिब्बे में सेनेटरी एवं अन्य खतरनाक कचरा तथा काले डिब्बे में ई-वेस्ट रखने की व्यवस्था की गई है।
उन्होंने कहा कि मिश्रित कचरा देना दंडनीय होगा। साथ ही स्वच्छताग्रहियों के सम्मान, प्रत्येक वार्ड में स्वच्छता समिति के गठन, गीले कचरे से कम्पोस्ट निर्माण तथा सूखे कचरे के पुनर्चक्रण (रीसायकलिंग) को बढ़ावा दिया जाएगा। नागरिकों को खुले में अथवा मिश्रित रूप से कचरा फेंकने से पर्यावरण और मानव स्वास्थ्य पर पड़ने वाले दुष्प्रभावों के प्रति भी जागरूक किया जा रहा है।
विजय शर्मा ने कहा कि जब प्रत्येक परिवार अपने घर से ही कचरे का पृथक्करण करेगा, तभी गांव बीमारियों से सुरक्षित रहेंगे और पर्यावरण संरक्षण को मजबूती मिलेगी। उन्होंने सभी नागरिकों से ‘स्वच्छ छत्तीसगढ़, स्वस्थ छत्तीसगढ़’ के संकल्प को साकार करने का आह्वान किया।
जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी अभिषेक अग्रवाल के मार्गदर्शन में जिले की सभी ग्राम पंचायतों में स्वच्छता दीदियों के माध्यम से घर-घर जनजागरूकता अभियान चलाया जा रहा है।
वहीं, स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) के जिला समन्वयक संजय सोनी ने कहा कि उपमुख्यमंत्री द्वारा जन्मदिन पर दिया गया यह संदेश ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम-2026 के प्रभावी क्रियान्वयन और जनभागीदारी को और अधिक मजबूत करेगा।
अंत में जिला पंचायत कबीरधाम ने सभी नागरिकों से ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम-2026 का पालन करते हुए अपने गांव को स्वच्छ, सुंदर, स्वस्थ और पर्यावरण-अनुकूल बनाने में सक्रिय सहयोग देने की अपील की।




