
जगदलपुर, 18 अप्रैल 2026/ प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत स्वीकृत सड़कों के भूमिपूजन और शिलान्यास कार्यक्रम में प्रोटोकॉल की अनदेखी को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। 17 अप्रैल को आयोजित कार्यक्रम में शिलान्यास पट्टिका से संबंधित क्षेत्र के जनपद पंचायत सदस्य का नाम गायब मिलने पर जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों में नाराजगी फैल गई।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि, विशिष्ट अतिथि सहित अन्य जनप्रतिनिधियों के नाम शामिल किए गए, लेकिन जनपद सदस्य को पूरी तरह नजरअंदाज किया गया। इसे जनप्रतिनिधि के सम्मान के साथ खिलवाड़ बताते हुए लोगों ने कड़ी आपत्ति जताई है।
ग्रामीणों का कहना है कि यह महज तकनीकी गलती नहीं, बल्कि चुने हुए प्रतिनिधि की उपेक्षा है। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि पट्टिका में तत्काल संशोधन कर नाम जोड़ा जाए और जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई की जाए।
इस मामले ने प्रशासनिक कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं, वहीं स्थानीय स्तर पर राजनीतिक माहौल भी गरमा गया है।




