बिलासपुर में 96 लाख की ठगी: शेयर ट्रेडिंग के नाम पर पति-पत्नी ने लगाया चूना, FIR दर्ज

बिलासपुर | 25 अप्रैल 2026
छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में शेयर ट्रेडिंग में मोटा मुनाफा दिलाने का झांसा देकर 96 लाख रुपए की बड़ी ठगी का मामला सामने आया है। इस धोखाधड़ी को अंजाम देने वाले आरोपी पति-पत्नी बताए जा रहे हैं, जिनके खिलाफ पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।
जानकारी के मुताबिक, सरकंडा क्षेत्र की निवासी शिल्पा श्रीवास्तव की मुलाकात वर्ष 2024 में एक किटी पार्टी के दौरान सोनाली सरकार से हुई थी। सोनाली ने खुद को एक स्टॉक ट्रेडिंग और इन्वेस्टमेंट कंपनी की संचालिका बताते हुए हर महीने 10 प्रतिशत मुनाफे का लालच दिया।
लालच में आकर श्रीवास्तव दंपती ने 2024 से 2025 के बीच करीब 91 लाख रुपए ऑनलाइन और नकद माध्यम से निवेश कर दिए। शुरुआत में कुछ मुनाफा भी मिला, जिससे उनका भरोसा और बढ़ गया। बाद में जब मुनाफा आना बंद हुआ, तो उन्होंने जांच शुरू की, लेकिन आरोपियों से संपर्क नहीं हो सका।
पीड़िता ने घर और सोने के जेवर तक गिरवी रखकर निवेश किया था। इसी तरह एक अन्य व्यक्ति अनुराग सिंह ने भी 5 लाख रुपए निवेश कर ठगी का शिकार हुआ।
बताया जा रहा है कि इस फर्जी ट्रेडिंग कंपनी के जरिए कई लोगों को निशाना बनाया गया है और थाने में लगातार शिकायतें बढ़ रही हैं।
सिविल लाइन थाना पुलिस ने शिल्पा श्रीवास्तव की शिकायत पर सोनाली सरकार और उसके पति अभिजीत सरकार के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोपी फिलहाल फरार हैं और उनकी तलाश जारी है।
पुलिस की अपील:
ऐसे किसी भी निवेश प्रस्ताव में बिना जांच-पड़ताल के पैसा न लगाएं और संदिग्ध गतिविधि दिखने पर तुरंत पुलिस को सूचना दें।




