छत्तीसगढ़बस्तर संभाग

बस्तर नगर में स्वच्छता ही सेवा अभियान के तहत चला सफाई अभियान, 25 सितंबर को लगेगा सेवा महाकुंभ

बस्तर, 22 सितंबर 2026

नगर पंचायत बस्तर के अंतर्गत स्वच्छता ही सेवा एवं सेवा संकल्प अभियान के तहत मंगलवार को नगर के प्रमुख सार्वजनिक स्थलों पर विशेष सफाई अभियान चलाया गया। यह अभियान 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलाया जा रहा है।

अभियान के तहत पर्यटन स्थल भानसागर जलाशय, प्राचीन शिव मंदिर सहित नगर के विभिन्न पर्यटन स्थलों और घाटों के आसपास साफ-सफाई की गई। इस दौरान झाड़ियों की कटाई, कचरा संग्रहण और घाटों की धुलाई का कार्य किया गया। अभियान में जनप्रतिनिधियों, निकाय कर्मचारियों और स्वच्छता दीदियों ने श्रमदान किया।

मुख्य नगर पालिका अधिकारी तरुणपाल लहरे ने बताया कि नगर को स्वच्छ और सुंदर बनाने के लिए लगातार कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। उन्होंने नागरिकों से भी अपने आसपास स्वच्छता बनाए रखने की अपील की।

वहीं, सेवा संकल्प अभियान के तहत 25 सितंबर, शुक्रवार को नगर पंचायत बस्तर कार्यालय में सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक “सेवा महाकुंभ” का आयोजन किया जाएगा।

“अनगिनत चेहरों पर मुस्कान” थीम पर आयोजित इस महाकुंभ में रक्तदान, बुक ट्री (पुस्तक दान), स्टेशनरी कलेक्शन, क्लॉथ गार्डन (कपड़ा दान), टॉय बैंक (खिलौना दान), अन्नदान और देहदान-अंगदान सहित सात प्रकार की सेवाओं के लिए शिविर लगाए जाएंगे। एकत्रित सामग्री जरूरतमंदों को वितरित की जाएगी। इसके लिए सभी विभाग प्रमुखों को अपने अधिकारी-कर्मचारियों को सेवा महाकुंभ में योगदान के लिए प्रेरित करने के निर्देश दिए गए हैं।

Related Articles

Back to top button
You Cannot able to copy the content! All Reserved Rights of Bastar Dagar