
निःशुल्क दवा वितरण के साथ नेत्र जांच, चश्मा वितरण और विभिन्न स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध; 155 विद्यार्थियों को दिया योग प्रशिक्षण

बस्तर 8 सितंबर 2026
संचालनालय आयुष विभाग के मार्गदर्शन एवं जिला प्रशासन के सहयोग से 7 सितंबर को बस्तर में विकासखंड स्तरीय आयुष स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का शुभारंभ जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती वेदवती कश्यप ने भगवान धन्वंतरी के छायाचित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया।
शिविर में कुल 597 हितग्राहियों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। आयुष चिकित्सा पद्धति के माध्यम से वात, पित्त, स्त्री रोग, मधुमेह, उदर रोग एवं चर्म विकार सहित विभिन्न रोगों से संबंधित मरीजों की जांच कर उन्हें उपचार, आवश्यक परामर्श एवं निःशुल्क औषधियां प्रदान की गईं।
52 लोगों की नेत्र जांच, 18 को मिले चश्मे
स्वास्थ्य शिविर में 52 लोगों का नेत्र परीक्षण किया गया, जबकि 18 जरूरतमंद हितग्राहियों को चश्मे वितरित किए गए। स्वास्थ्य विभाग की ओर से आयुष्मान कार्ड स्क्रीनिंग, 7 आभा आईडी निर्माण, टीबी जांच, एक्स-रे तथा विभिन्न लैब जांच की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई। आयुष विभाग द्वारा करीब 370 लोगों को निःशुल्क आयुष काढ़ा वितरित किया गया।
शिविर में एकीकृत महिला एवं बाल विकास, राजस्व, पशुपालन और शिक्षा विभाग के अधिकारी-कर्मचारी भी उपस्थित रहे। विभिन्न विभागों ने ग्रामीणों को शासन की योजनाओं और विभागीय सेवाओं की जानकारी देते हुए पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ दिलाने का प्रयास किया।
155 विद्यार्थियों ने लिया योग प्रशिक्षण
स्वास्थ्य शिविर के दौरान योग प्रशिक्षक अनीता साहू ने 155 विद्यार्थियों को योग प्रशिक्षण दिया। विद्यार्थियों को योग के माध्यम से स्वस्थ जीवनशैली अपनाने तथा नियमित योगाभ्यास के महत्व की जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में जनपद पंचायत बस्तर के अध्यक्ष संतोष बघेल, जिला पंचायत सदस्य निर्देश दीवान, जनपद सदस्य लक्षण मौर्य, सरपंच सुनील कश्यप, जिला आयुष अधिकारी डॉ. मोहनिश साहू, तहसीलदार चन्द्रकुमार साहू सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।
शिविर प्रभारी डॉ. जीतेन्द्र त्रिपाठी सहित आयुष विभाग के चिकित्सकों, फार्मासिस्ट एवं औषधालय सेवकों ने शिविर के सफल संचालन में सक्रिय सहभागिता निभाई।
एक मंच पर मिलीं कई स्वास्थ्य सुविधाएं
आयुष स्वास्थ्य शिविर के माध्यम से ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्र के नागरिकों को एक ही स्थान पर स्वास्थ्य परीक्षण, आयुष चिकित्सा, निःशुल्क दवा, नेत्र जांच, चश्मा वितरण, लैब जांच सहित विभिन्न स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिला। ऐसे शिविरों से दूरस्थ क्षेत्रों में रहने वाले लोगों तक स्वास्थ्य सुविधाओं की पहुंच बढ़ाने और उन्हें समय पर उपचार एवं परामर्श उपलब्ध कराने में मदद मिलती है।
“आयुष स्वास्थ्य शिविर ने ग्रामीणों को स्वास्थ्य सुविधाओं से जोड़ने के साथ ही विभिन्न शासकीय योजनाओं की जानकारी भी एक ही मंच पर उपलब्ध कराई। स्वास्थ्य जांच, निःशुल्क दवा, नेत्र परीक्षण और योग प्रशिक्षण जैसी सेवाओं का लाभ मिलने से शिविर ग्रामीणों के लिए उपयोगी साबित हुआ।”




