छत्तीसगढ़जगदलपुर

बिजली दर वृद्धि के खिलाफ युवा कांग्रेस का हल्लाबोल: भानपुरी बिजली कार्यालय का घेराव, राज्यपाल के नाम सौंपा ज्ञापन

जगदलपुर/भानपुरी, 23 जून 2026

प्रदेश में बिजली दरों में लगातार हो रही बढ़ोतरी के विरोध में भानपुरी ब्लॉक युवा कांग्रेस कमेटी ने सोमवार को जोरदार प्रदर्शन किया। पूर्व विधायक चंदन कश्यप, ब्लॉक अध्यक्ष धनुर्जय नेताम और युवा ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष धर्मा पाढ़ी के नेतृत्व में सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने भानपुरी बिजली कार्यालय का घेराव किया।

प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बिजली विभाग के अधिकारियों के माध्यम से महामहिम राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपा और बढ़ी हुई बिजली दरों को तत्काल वापस लेने की मांग की।

प्रदर्शनकारियों को संबोधित करते हुए पूर्व विधायक चंदन कश्यप ने राज्य सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि बिजली दरों में बेतहाशा वृद्धि कर आम जनता, गरीब परिवारों और किसानों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ डाला जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि घरेलू उपभोक्ताओं के लिए 10 से 20 पैसे प्रति यूनिट, गैर-घरेलू उपभोक्ताओं के लिए 25 पैसे प्रति यूनिट और किसानों के लिए 50 पैसे प्रति यूनिट तक की वृद्धि की गई है।

कांग्रेस नेताओं का कहना है कि महंगाई के दौर में बिजली बिलों में बढ़ोतरी पूरी तरह जनविरोधी फैसला है। उन्होंने राज्यपाल से हस्तक्षेप कर जनता को राहत दिलाने की मांग की।

ब्लॉक अध्यक्ष धनुर्जय नेताम और युवा ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष धर्मा पाढ़ी ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि सरकार ने बिजली दर वृद्धि का फैसला वापस नहीं लिया तो सड़क से सदन तक व्यापक और उग्र आंदोलन किया जाएगा।

प्रदर्शन में जिला उपाध्यक्ष जितेंद्र जैन, निलय कश्यप, जीवन सेठिया, श्याम दीवान, श्यामसुंदर पांडेय, मोसु बघेल, सत्यकांत कश्यप, पूनऊ कश्यप, श्यामकुमारी ध्रुव, अभिषेक बाजपेयी, अनिल बघेल, बलराम मौर्य सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता, किसान और स्थानीय ग्रामीण मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button
You Cannot able to copy the content! All Reserved Rights of Bastar Dagar