छत्तीसगढ़जगदलपुरबस्तर संभाग

बस्तर दशहरा: सांसद महेश कश्यप बोले – परंपरा और संस्कृति का संरक्षण हम सबका दायित्व, बैठक में उपाध्यक्ष बने बलराम मांझी

जगदलपुर। जिला कलेक्टर कार्यालय के प्रेरणा कक्ष में रविवार को बस्तर दशहरा समिति की बैठक आयोजित हुई। बैठक में सर्वसम्मति से बलराम मांझी को समिति का उपाध्यक्ष मनोनीत किया गया।

बैठक को संबोधित करते हुए सांसद एवं समिति अध्यक्ष महेश कश्यप ने कहा कि “बस्तर दशहरा हमारी प्राचीन परंपरा और सांस्कृतिक धरोहर है। हमारे पूर्वजों ने ‘आमचो बस्तर’ की परंपराओं को सहेजकर रखा है और अब इसे संरक्षित रखना हम सबकी जिम्मेदारी है। यह पर्व सामाजिक एकता और जनसहभागिता का अनुपम प्रतीक है।”

उन्होंने बताया कि दशहरा पर्व से जुड़े ऐतिहासिक स्थलों को राजस्व रिकॉर्ड के आधार पर संरक्षित करने की दिशा में कदम उठाए जाएंगे। साथ ही शासन से प्राप्त बजट के अलावा राष्ट्रीय कंपनियों से सहयोग प्राप्त करने की भी पहल की जा रही है। इस बार संभाग के सातों जिलों से देवी-देवताओं के आगमन के लिए प्रशासन और जनप्रतिनिधियों से चर्चा होगी।

बैठक में महाराज कमलचंद भंजदेव ने मांझी, चालकी और सेवादारों के रिक्त पदों की भर्ती करने तथा देवी-देवताओं के आश्रय स्थलों की समुचित व्यवस्था की मांग रखी। वहीं, महापौर संजय पांडेय ने कहा कि बस्तर दशहरा हमारी सांस्कृतिक विरासत है, जिसे देखने देश-विदेश से बड़ी संख्या में पर्यटक पहुंचते हैं। कलेक्टर हरिस एस ने 2024 और 2025 के दशहरा बजट की विस्तृत जानकारी समिति के समक्ष प्रस्तुत की।

नकटी सेमरा में पौधरोपण : “एक पेड़ देवी-देवताओं के नाम”

बैठक के उपरांत समिति सदस्यों एवं मांझी-चालकी द्वारा नकटी सेमरा दशहरा वन में वृक्षारोपण किया गया। इस परंपरा के तहत रथ निर्माण में प्रतिवर्ष काटे जाने वाले लगभग 200 पेड़ों की प्रतिपूर्ति स्वरूप पौधरोपण किया जाता है। इस वर्ष साजा आदन, साल, महुआ, आम, नीम, आंवला, तेंदू, कुसुम, सागौन, बांस और जामुन सहित विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए गए।

इस अवसर पर सांसद महेश कश्यप, महापौर संजय पांडेय, नगर निगम सभापति खेम सिंह देवांगन, बस्तर राजपरिवार के कमलचंद भंजदेव, कलेक्टर हरिस एस, पुलिस अधीक्षक शलभ सिन्हा, जिला पंचायत सीईओ प्रतीक जैन, वनमंडलाधिकारी उत्तम गुप्ता, अपर कलेक्टर सी.पी. बघेल, ऋषिकेश तिवारी, अपर कलेक्टर नारायणपुर पंचभोई, आयुक्त नगर पालिक निगम प्रवीण वर्मा, तहसीलदार एवं सचिव रुपेश मरकाम समेत बड़ी संख्या में मांझी, चालकी, पुजारी, मेम्बर और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button
You Cannot able to copy the content! All Reserved Rights of Bastar Dagar