छत्तीसगढ़

छत्तीसगढ़ के सरकारी अस्पताल में बड़ी लापरवाही का आरोप, मरीज की कमर में मिला इंजेक्शन का टूटा हिस्सा, परिवार ने मांगा न्याय

फिंगेश्वर,28 नवम्बर 2026

छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले के फिंगेश्वर स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भक्तिन माता में इलाज के दौरान कथित लापरवाही का मामला सामने आया है। ग्राम परसदा निवासी 48 वर्षीय मनहरण डहरिया ने आरोप लगाया है कि अस्पताल में इंजेक्शन लगवाने के बाद उनकी कमर में असहनीय दर्द शुरू हो गया। बाद में निजी अस्पताल में कराई गई जांच के दौरान कमर के पास इंजेक्शन का टूटा हुआ हिस्सा मिलने की जानकारी सामने आई। पीड़ित परिवार ने स्वास्थ्य विभाग से बेहतर उपचार और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।

जानकारी के अनुसार, 26 अक्टूबर 2026 को मनहरण डहरिया अपनी पत्नी की आंखों का उपचार कराने फिंगेश्वर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे थे। इसी दौरान उन्होंने भी हाथ-पैर में दर्द की शिकायत की। चिकित्सक की सलाह पर उन्हें दवाइयां दी गईं और अस्पताल में नर्स द्वारा इंजेक्शन लगाया गया। पीड़ित का आरोप है कि इंजेक्शन लगने के कुछ दिनों बाद उनकी कमर में दर्द शुरू हुआ, जो धीरे-धीरे बढ़ता गया। करीब 10 से 15 दिनों के भीतर दर्द इतना बढ़ गया कि उनके लिए चलना-फिरना भी मुश्किल हो गया।

दर्द असहनीय होने पर परिजन उन्हें दोबारा अस्पताल लेकर पहुंचे। तबीयत बिगड़ने पर 108 एंबुलेंस की मदद से उन्हें फिंगेश्वर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया। इसके बाद चिकित्सकीय सलाह पर राजिम के लाइफ केयर अस्पताल में सीटी स्कैन, सोनोग्राफी सहित अन्य जांच कराई गई। मरीज और परिजनों के मुताबिक, जांच में कमर के पास इंजेक्शन का टूटा हुआ हिस्सा होने की जानकारी मिली।

दो साल में दूसरी बार ऐसी घटना होने का दावा

मनहरण डहरिया का कहना है कि वर्ष 2025 में भी महासमुंद और खरोरा के सरकारी अस्पतालों में उपचार के दौरान उनके साथ इसी तरह की घटना हुई थी। उस समय भी कमर में इंजेक्शन का हिस्सा टूटने की बात सामने आई थी, जिसे उपचार के दौरान निकाला गया था। अब फिंगेश्वर में दोबारा ऐसी स्थिति बनने के उनके दावे ने सरकारी स्वास्थ्य सेवाओं और मरीजों की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।

मजदूरी से चलता है परिवार, इलाज का खर्च उठाना मुश्किल

मनहरण कृषि मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते हैं। आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण निजी अस्पतालों में महंगा इलाज कराना उनके परिवार के लिए बड़ी चुनौती बन गया है। पीड़ित परिवार ने स्वास्थ्य विभाग से मांग की है कि मरीज का बेहतर उपचार सरकारी खर्च पर कराया जाए और जांच में लापरवाही प्रमाणित होने पर जिम्मेदारों के खिलाफ कार्रवाई की जाए।

अस्पताल की मशीनों के संचालन पर भी उठे सवाल

इस मामले के बीच फिंगेश्वर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में उपलब्ध सोनोग्राफी और एक्स-रे मशीनों के नियमित संचालन को लेकर भी स्थानीय लोगों ने सवाल उठाए हैं। लोगों का कहना है कि अस्पताल में मशीनें उपलब्ध होने के बावजूद मरीजों को इन सुविधाओं का नियमित लाभ नहीं मिल पा रहा है। हालांकि, मशीनों की वर्तमान स्थिति को लेकर आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

प्रभारी चिकित्सक बोले- आरोप बेबुनियाद, निष्पक्ष जांच होगी

मामले में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र फिंगेश्वर के प्रभारी चिकित्सक विपिन लहरे ने कहा कि मनहरण का उपचार कर उन्हें इंजेक्शन लगाया गया था, लेकिन इंजेक्शन की सुई उनके अस्पताल में शरीर के अंदर नहीं टूटी है। उन्होंने बाहर कहीं इंजेक्शन लगाए जाने के बाद सुई का टुकड़ा कमर के निचले हिस्से में फंसने के आरोप को बेबुनियाद बताया। साथ ही कहा कि उच्चाधिकारियों के मार्गदर्शन में मामले की निष्पक्ष जांच कर उचित कार्रवाई की जाएगी।

फिलहाल मामले में पीड़ित के आरोपों और अस्पताल प्रबंधन के पक्ष के बीच वास्तविक स्थिति स्पष्ट करने के लिए निष्पक्ष जांच जरूरी है। अब देखना होगा कि स्वास्थ्य विभाग पीड़ित परिवार को बेहतर उपचार और न्याय दिलाने के लिए क्या कदम उठाता है।

Related Articles

Back to top button
You Cannot able to copy the content! All Reserved Rights of Bastar Dagar