छत्तीसगढ़

धमतरी में युवक का खूनी तांडव: पहले मां पर धारदार हथियार से किया हमला, फिर पड़ोस की बुजुर्ग महिला को किया लहूलुहान

धमतरी,28 नवम्बर 2026

छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। यहां एक युवक ने अपनी ही मां पर धारदार हथियार से हमला करने के बाद पड़ोस में दुकान लगाकर बैठी बुजुर्ग महिला को भी निशाना बनाया। इस घटना में दोनों महिलाएं घायल हो गईं, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।

मिली जानकारी के अनुसार, पूरा मामला कोतवाली थाना क्षेत्र के टिकरापारा वार्ड का है। आरोपी की पहचान देवा निर्मलकर के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि युवक ने पहले घर में अपनी मां पर धारदार हथियार से हमला किया। इसके बाद वह घर से बाहर निकला और पड़ोस में छोटी दुकान लगाकर बैठी कौशल्या बाई पर हमला कर दिया।

बुजुर्ग महिला के हाथ में लगे 10 टांके

आरोपी ने धारदार हथियार से बुजुर्ग महिला पर ताबड़तोड़ वार किए, जिससे उनका हाथ बुरी तरह जख्मी हो गया। घटना के बाद घायल कौशल्या बाई को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान उनके हाथ में 10 टांके लगाए गए। हमले में घायल दोनों महिलाओं का अस्पताल में इलाज जारी है।

पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लिया

घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और कार्रवाई करते हुए आरोपी देवा निर्मलकर को हिरासत में ले लिया। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि उसने अपनी मां और पड़ोस की बुजुर्ग महिला पर किस वजह से हमला किया। पुलिस की जांच और पूछताछ के बाद ही घटना के पीछे की असली वजह सामने आ सकेगी।

Related Articles

Back to top button
You Cannot able to copy the content! All Reserved Rights of Bastar Dagar