बसंत पंचमी पर देवांगन समाज ने मनाई मां परमेश्वरी जयंती, भव्य शोभायात्रा के साथ दो दिवसीय आयोजन संपन्न


,,परमेश्वरी भवन में परिचय सम्मेलन, सांस्कृतिक एवं खेलकूद प्रतियोगिताओं में महिलाओं और बच्चों की रही सक्रिय भागीदारी,,

जगदलपुर। बसंत पंचमी के पावन अवसर पर बस्तर जिला देवांगन समाज द्वारा अपने ईष्ट देवी मां परमेश्वरी की जयंती दो दिवसीय धार्मिक एवं सामाजिक आयोजनों के साथ श्रद्धा और उत्साहपूर्वक मनाई गई। कार्यक्रम का आयोजन मां परमेश्वरी भवन, पथरागुड़ा में किया गया।
प्रथम दिवस ईष्टदेवी मां परमेश्वरी की विधिवत पूजा-अर्चना एवं आरती के साथ प्रारंभ हुआ। इस दौरान समाज के नन्हें बच्चों का विद्यारंभ संस्कार कराया गया। साथ ही रंगोली, ड्राइंग, कुर्सी दौड़, नृत्य प्रतियोगिता जैसे विविध खेलकूद एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिनमें बच्चों एवं महिलाओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। महिलाओं द्वारा भजन-कीर्तन का आयोजन भी किया गया, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय बना रहा।
रविवार सुबह देवांगन समाज भवन पथरागुड़ा से मां परमेश्वरी की भव्य शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा में समाज के बच्चे, महिलाएं एवं पुरुष पारंपरिक वेशभूषा में भजन-कीर्तन एवं नृत्य करते हुए, जयकारों और आतिशबाजी के साथ नगर के प्रमुख मार्गों से गुजरते हुए पुनः समाज भवन पहुंचे।
इस अवसर पर देवांगन समाज के अध्यक्ष राजेन्द्र देवांगन ने बताया कि शोभायात्रा के पश्चात जगदलपुर के लोकप्रिय विधायक एवं प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव परमेश्वरी भवन पहुंचे, जहां उन्होंने समाज के लोगों से मुलाकात कर उनका उत्साहवर्धन किया। विधायक किरण सिंह देव ने समाज को संबोधित करते हुए कहा कि समाज के हर सुख-दुःख में वे सदैव साथ खड़े हैं और जहां भी आवश्यकता होगी, वे सहयोग के लिए तत्पर रहेंगे।
कार्यक्रम के दौरान समाजिक बंधुओं के लिए महाभंडारे का आयोजन किया गया। साथ ही विवाह योग्य युवक-युवतियों का परिचय सम्मेलन आयोजित किया गया। शाम को सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को पुरस्कार वितरित किए गए एवं समाज के वरिष्ठ सदस्यों का सम्मान भी किया गया।
दो दिवसीय इस आयोजन में देवांगन समाज के बड़ी संख्या में महिलाएं, पुरुष एवं बच्चे उपस्थित रहे। आयोजन ने समाज में आपसी एकता, सांस्कृतिक विरासत और सामाजिक समरसता को सशक्त रूप से प्रदर्शित किया।




