छत्तीसगढ़

सहायक शिक्षक भर्ती-2026 में बड़ा संशोधन: दिव्यांग अभ्यर्थियों को मिलेगा आवेदन का अवसर, 2292 पदों पर भर्ती प्रक्रिया जारी

रायपुर, 12 अक्टूबर 2026

छत्तीसगढ़ शासन के स्कूल शिक्षा विभाग के अंतर्गत सहायक शिक्षक भर्ती-2026 के विस्तृत विज्ञापन में महत्वपूर्ण संशोधन किया गया है। लोक शिक्षण संचालनालय ने माननीय उच्च न्यायालय के आदेश के परिपालन में शुद्धि पत्र जारी करते हुए दिव्यांग अभ्यर्थियों की पात्रता संबंधी प्रावधानों में बदलाव किया है।

संशोधन के बाद दृष्टिबाधित (Blind), श्रवणबाधित (Deaf) और सेरेब्रल पाल्सी (Cerebral Palsy) श्रेणी के दिव्यांग अभ्यर्थी भी सहायक शिक्षक पदों के लिए ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे।

लोक शिक्षण संचालनालय के अनुसार, राज्य की शासकीय शालाओं के ई-संवर्ग और टी-संवर्ग में सहायक शिक्षक के रिक्त पदों की पूर्ति के लिए छत्तीसगढ़ कर्मचारी चयन मंडल की वेबसाइट पर 24 जुलाई 2026 को विस्तृत विज्ञापन जारी किया गया था। इसी भर्ती विज्ञापन के संबंध में उच्च न्यायालय, छत्तीसगढ़ में दायर WPS No. 6783 of 2026 (मीनाक्षी मंगलकर एवं अन्य बनाम छत्तीसगढ़ शासन एवं अन्य) में 9 अक्टूबर 2026 को पारित निर्णय के अनुपालन में यह संशोधन किया गया है।

दिव्यांग अभ्यर्थियों की पात्रता में संशोधन

जारी शुद्धि पत्र के अनुसार, समाज कल्याण विभाग की 11 सितंबर 2026 की संशोधित अधिसूचना के अनुरूप सहायक शिक्षक पद के लिए चिह्नित उपयुक्त दिव्यांगता की श्रेणियों में ब्लाइंड (B), डेफ (D) और सेरेब्रल पाल्सी (CP) को शामिल किया गया है। साथ ही विस्तृत विज्ञापन की कंडिका 05 के उपखंड (iv) को विलोपित किया गया है।

दिव्यांगजनों के लिए आरक्षित पदों का समूहवार एवं श्रेणीवार वितरण भी सामान्य प्रशासन विभाग के 5 मार्च 2019 के निर्देशों के अनुरूप किया गया है। इसमें दृष्टिबाधित, श्रवणबाधित, अस्थिबाधित और बहुदिव्यांगता से संबंधित समूहों के लिए आरक्षित पदों का विवरण शामिल है।

2292 पदों पर भर्ती प्रक्रिया

सहायक शिक्षक भर्ती के तहत कुल 2292 पदों पर भर्ती प्रक्रिया जारी है। इनमें ई-संवर्ग के 795 पद और टी-संवर्ग के 1497 पद शामिल हैं।

ई-संवर्ग में रायपुर, दुर्ग, महासमुंद, बलौदाबाजार-भाटापारा, बालोद, बेमेतरा, राजनांदगांव, कबीरधाम, जांजगीर-चांपा, मुंगेली, रायगढ़ और बिलासपुर जिले शामिल हैं।

वहीं टी-संवर्ग में बस्तर, बीजापुर, दंतेवाड़ा, कोंडागांव, कांकेर, नारायणपुर, सुकमा, सरगुजा, सूरजपुर, बलरामपुर-रामानुजगंज, कोरिया, जशपुर, कोरबा, रायगढ़, गरियाबंद और बालोद जिले शामिल हैं।

आवेदन की तारीख अलग से होगी जारी

लोक शिक्षण संचालनालय ने स्पष्ट किया है कि ब्लाइंड (B), डेफ (D) और सेरेब्रल पाल्सी (CP) श्रेणी के दिव्यांग अभ्यर्थियों को ऑनलाइन आवेदन का अवसर दिया जाएगा। इन अभ्यर्थियों के लिए ऑनलाइन आवेदन की तिथि छत्तीसगढ़ कर्मचारी चयन मंडल द्वारा अलग से घोषित की जाएगी।

संचालनालय ने यह भी स्पष्ट किया है कि 24 जुलाई 2026 को जारी सहायक शिक्षक भर्ती के विस्तृत विज्ञापन की अन्य सभी शर्तें और कंडिकाएं पूर्ववत लागू रहेंगी।

Related Articles

Back to top button
You Cannot able to copy the content! All Reserved Rights of Bastar Dagar