
जगदलपुर,किलेपाल, 23 अप्रैल 2026, नेशनल हाईवे-63 पर गुरुवार शाम करीब 4 बजे किलेपाल तहसील के पास एक भीषण सड़क हादसा हो गया। जगदलपुर से अपनी गर्भवती पत्नी का इलाज कराकर बचेली लौट रहे दंपति की इनोवा क्रिस्टा और दंतेवाड़ा की ओर से आ रहे ट्रक के बीच आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और ट्रक का टायर भी फट गया।
हादसे में चालक कपिल (26) को छाती और पैरों में चोटें आईं, वहीं आशिष (29) का दाहिना हाथ फ्रैक्चर हो गया और सीने में भी चोट लगी। गर्भवती सुप्रिया (22) भी घायल हुई हैं। राहत की बात यह रही कि कार के एयरबैग समय पर खुल गए, जिससे फ्रंट सीट पर बैठे लोगों की जान बच गई।
चश्मदीदों के अनुसार, कार की रफ्तार काफी तेज थी, जिसके कारण हादसा इतना भयावह हुआ। दुर्घटना के बाद घायलों को तत्काल किलेपाल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद तीनों को बेहतर इलाज के लिए मेकाज (डिमरापाल मेडिकल कॉलेज), जगदलपुर रेफर किया गया।
सूचना मिलते ही कोड़ेनार पुलिस एएसआई बनमली बघेल के नेतृत्व में टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाने में मदद की और दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क किनारे कर यातायात बहाल कराया।
यह घटना एक बार फिर साबित करती है कि तेज रफ्तार और लापरवाही सड़क पर कितनी खतरनाक हो सकती है। वाहन चलाते समय गति पर नियंत्रण और सुरक्षा नियमों का पालन बेहद जरूरी है।
कैप्शन: दुर्घटनाग्रस्त इनोवा और ट्रक को सड़क किनारे करते पुलिसकर्मी व स्थानीय लोग।




