आदिवासी महिला की संदिग्ध मौत के बीच मंत्री केदार कश्यप का दीपावली मिलन समारोह, पूर्व विधायक चंदन कश्यप ने उठाए सवाल

बस्तर/भानपुरी,27 नवम्बर 2026
घाटकवाली के अकसया प्लॉट की झाड़ियों में 21 वर्षीय आदिवासी महिला शिवरात्रि बघेल का संदिग्ध परिस्थितियों में शव मिलने के बाद क्षेत्र में आक्रोश का माहौल है। इस घटना को लेकर पूर्व विधायक चंदन कश्यप ने मंत्री केदार कश्यप पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि अपने ही गांव की महिला की संदिग्ध मौत की जानकारी होने के बावजूद मंत्री अपने गृह ग्राम फरसागुड़ा, भानपुरी में भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ दीपावली मिलन समारोह मना रहे थे।
प्रेस विज्ञप्ति जारी कर चंदन कश्यप ने कहा कि मृतका शिवरात्रि बघेल और मंत्री केदार कश्यप एक ही गांव के निवासी हैं। एक ओर महिला की मौत से पूरा गांव और क्षेत्र शोक व दहशत में है, वहीं दूसरी ओर समारोह का आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि आदिवासी समाज का प्रतिनिधित्व करने वाले मंत्री से ऐसी स्थिति में पीड़ित परिवार और समाज के साथ खड़े होने की अपेक्षा थी।
पूर्व विधायक ने सवाल उठाया कि आखिर ऐसी क्या मजबूरी थी कि इस दुखद घटना के बीच दीपावली मिलन समारोह आयोजित करना पड़ा? क्या समारोह को कुछ दिनों के लिए स्थगित नहीं किया जा सकता था? उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधि का पहला कर्तव्य दुख की घड़ी में जनता और पीड़ित परिवार के साथ खड़ा होना है।
चंदन कश्यप ने प्रशासन से शिवरात्रि बघेल की संदिग्ध मौत की उच्चस्तरीय और निष्पक्ष जांच कराने तथा दोषियों के खिलाफ तत्काल कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है। उन्होंने पीड़ित परिवार को जल्द न्याय दिलाने की भी मांग उठाई है।





