
नारायणपुर/रायपुर, 27 अप्रैल 2026
मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ सरकार गांव, गरीब और अंतिम व्यक्ति तक विकास पहुंचाने के संकल्प को लगातार साकार कर रही है। इसी कड़ी में नारायणपुर विधानसभा क्षेत्र के सिवनी में लगभग 1 करोड़ 55 लाख रुपए के विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन किया गया। इन कार्यों से क्षेत्र की आधारभूत संरचना मजबूत होगी और ग्रामीणों को सीधा लाभ मिलेगा।
वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री श्री केदार कश्यप ने कहा कि भाजपा सरकार का उद्देश्य केवल घोषणाएं करना नहीं, बल्कि विकास कार्यों को धरातल पर उतारकर जनता के जीवन में वास्तविक बदलाव लाना है। उन्होंने कहा कि साय सरकार के नेतृत्व में बस्तर अंचल में विकास की गति तेज हुई है और हर वर्ग को योजनाओं का लाभ मिल रहा है।
उन्होंने बताया कि सड़क, शिक्षा, डिजिटल सेवाएं और सामुदायिक अधोसंरचना के क्षेत्र में लगातार कार्य किए जा रहे हैं, जिससे दूरस्थ गांवों में भी शहरी सुविधाएं उपलब्ध हो रही हैं। सरकार “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास” के मंत्र पर कार्य कर रही है।
लोकार्पित कार्यों में शामिल—
सिवनी से खालेपारा तक 0.55 किमी सड़क निर्माण (73.30 लाख रुपए) और सिवनी से आमागुड़ापारा तक 0.55 किमी सड़क निर्माण (55.18 लाख रुपए) शामिल हैं, जिससे आवागमन सुगम होगा। इसके साथ ही बड़ेआमाबाल एवं बड़ेअलनार में 5-5 लाख रुपए की लागत से अटल डिजिटल सुविधा केंद्र स्थापित किए गए हैं। सोनारपाल के शासकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में 5 लाख रुपए की लागत से प्रार्थना शेड का निर्माण भी किया गया है।
भूमिपूजन कार्यों में—
सोनारपाल में गणेश मंडली के समीप शेड निर्माण (5.88 लाख रुपए) तथा बड़ेआमाबाल के खरियापारा स्कूल के पास 6.50 लाख रुपए की लागत से सांस्कृतिक भवन निर्माण कार्य शामिल है।
मंत्री श्री कश्यप ने कहा कि इन विकास कार्यों से न केवल बुनियादी सुविधाएं मजबूत होंगी, बल्कि रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे और ग्रामीणों का जीवन स्तर सुधरेगा। उन्होंने कहा कि सरकार बस्तर के समग्र विकास के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है और आने वाले समय में क्षेत्र में और भी जनहितकारी कार्य किए जाएंगे।
उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य है—“समृद्ध गांव, सशक्त परिवार और विकसित छत्तीसगढ़”, जिसे साकार करने के लिए विकास कार्यों को पारदर्शिता और गुणवत्ता के साथ तेजी से पूरा किया जा रहा है।




