नई दिल्ली

लोकसभा और विधानसभा की सीटें 50% बढ़ाने वाले बिल को कैबिनेट की मंजूरी, 30 नवंबर को संसद में पेश करेगी सरकार

नई दिल्ली,27 नवम्बर 2026

केंद्र सरकार ने लोकसभा और विधानसभा की सीटों में 50 प्रतिशत तक बढ़ोतरी करने वाले संविधान संशोधन विधेयक को मंजूरी दे दी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में सेवातीर्थ में हुई केंद्रीय कैबिनेट की बैठक में यह महत्वपूर्ण फैसला लिया गया। सरकार इस विधेयक को 30 नवंबर 2026 को लोकसभा में पेश करने की तैयारी में है।

प्रस्ताव के अनुसार, लोकसभा की मौजूदा सीटों में 50 प्रतिशत तक वृद्धि की जाएगी। इसके साथ ही राज्यों के बीच सीटों के बंटवारे की मौजूदा व्यवस्था को अगले 25 वर्षों यानी 2051 तक स्थिर रखने का प्रस्ताव भी शामिल है।

केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने बताया कि सरकार 30 नवंबर को लोकसभा में यह महत्वपूर्ण विधेयक पेश करेगी। उन्होंने विपक्षी दलों से अपील की है कि वे इस मुद्दे पर चर्चा में शामिल हों और अपनी बात सदन में रखें।

परिसीमन बिल पर कांग्रेस का विरोध, सांसदों को जारी किया व्हिप

इस संविधान संशोधन विधेयक को लेकर देश की राजनीति में हलचल तेज हो गई है। कांग्रेस ने सरकार पर परिसीमन और महिला आरक्षण से जुड़े विधेयकों को पारित कराने के लिए राजनीतिक रणनीति अपनाने का आरोप लगाया है। पार्टी ने अपने सांसदों के लिए व्हिप जारी किया है।

कांग्रेस की संसदीय रणनीति समूह की बैठक दिल्ली में शाम 4:30 बजे प्रस्तावित है। वहीं, शनिवार को INDIA गठबंधन के नेता भी इस मुद्दे पर बैठक करेंगे। दूसरी ओर, बीजेपी भी लोकसभा सांसदों के लिए तीन लाइन का व्हिप जारी करने की तैयारी में है। सांसदों को 30 नवंबर से 2 दिसंबर तक सदन में उपस्थित रहने के निर्देश दिए जा सकते हैं।

कौन समर्थन में और कौन विरोध में?

परिसीमन विधेयक को लेकर विपक्षी दलों के बीच अलग-अलग रुख देखने को मिल रहे हैं। समाजवादी पार्टी ने इसका विरोध किया है, जबकि DMK और BRS ने कुछ शर्तों के साथ समर्थन के संकेत दिए हैं। कांग्रेस ने इस प्रस्ताव को संविधान पर हमला करार दिया है।

AAP सांसद संजय सिंह ने DMK को चेतावनी देते हुए कहा कि इस विधेयक का समर्थन करना ऐतिहासिक भूल होगी। उन्होंने इसे ‘बीजेपी जिताओ बिल’ बताते हुए आरोप लगाया कि इसके लागू होने से दक्षिण भारतीय राज्यों की राजनीतिक ताकत कमजोर हो सकती है।

सरकार के सामने दो-तिहाई बहुमत जुटाने की चुनौती

संविधान संशोधन विधेयक को संसद से पारित कराने के लिए विशेष बहुमत की आवश्यकता होगी। ऐसे में केंद्र सरकार के सामने सबसे बड़ी चुनौती दो-तिहाई बहुमत जुटाने की है।

राजनीतिक समीकरणों के मुताबिक, सभी 540 सांसदों के मतदान करने की स्थिति में सरकार को अतिरिक्त दलों के समर्थन की जरूरत पड़ सकती है। वहीं, समाजवादी पार्टी के मतदान से अनुपस्थित रहने की स्थिति में बहुमत का आंकड़ा हासिल करना सरकार के लिए अपेक्षाकृत आसान हो सकता है।

अब सभी की नजर 30 नवंबर से शुरू होने वाली संसदीय कार्यवाही पर टिकी है। परिसीमन, महिला आरक्षण और राज्यों के राजनीतिक प्रतिनिधित्व से जुड़े इन प्रस्तावों पर संसद में जोरदार बहस होने की संभावना है।

Related Articles

Back to top button
You Cannot able to copy the content! All Reserved Rights of Bastar Dagar