छत्तीसगढ़बस्तर संभाग

बस्तर दशहरा में राष्ट्रपति मुर्मु की एंट्री: 23 अक्टूबर को मुरिया दरबार में होंगी शामिल, सांसद महेश कश्यप बोले- गौरव का क्षण

जगदलपुर, 29 सितम्बर 2026। बस्तर दशहरा के अवसर पर 23 अक्टूबर को जगदलपुर में आयोजित होने वाले मुरिया दरबार में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु शामिल होंगी। बस्तर लोकसभा सांसद महेश कश्यप ने राष्ट्रपति के आगमन को बस्तर के लिए गौरव और सम्मान का अवसर बताया है।

नई दिल्ली स्थित राष्ट्रपति भवन में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय का निमंत्रण पत्र राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु को सौंपा गया। इस दौरान केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू, छत्तीसगढ़ संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री राजेश अग्रवाल तथा संस्कृति एवं पर्यटन विभाग के सचिव डॉ. एस. भारतीदासन उपस्थित रहे।

सांसद महेश कश्यप ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के आमंत्रण को राष्ट्रपति द्वारा स्वीकार किया जाना बस्तर की समृद्ध जनजातीय संस्कृति और परंपराओं के लिए गौरव की बात है। उन्होंने कहा कि पिछले वर्ष मुरिया दरबार में केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह की गरिमामयी उपस्थिति रही थी। अब राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु के आगमन से इस ऐतिहासिक परंपरा को राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान मिलने का अवसर है।

उन्होंने कहा कि मां दंतेश्वरी को समर्पित बस्तर दशहरा केवल धार्मिक आयोजन नहीं है, बल्कि यह बस्तर की जनजातीय आस्था, सामाजिक परंपराओं और सांस्कृतिक विरासत का जीवंत प्रतीक है। मुरिया दरबार इस ऐतिहासिक परंपरा का महत्वपूर्ण हिस्सा है।

महेश कश्यप ने कहा कि राष्ट्रपति की उपस्थिति से बस्तर की लोक परंपराओं और जनजातीय विरासत को देशभर में पहचान मिलेगी। साथ ही बस्तर की विशिष्ट सांस्कृतिक पहचान को राष्ट्रीय स्तर पर नई ऊंचाई प्राप्त होगी।

Related Articles

Back to top button
You Cannot able to copy the content! All Reserved Rights of Bastar Dagar