झीरम हत्याकांड पर कांग्रेस के तीन बड़े फैसले, NIA कोर्ट के फैसले के खिलाफ कानूनी लड़ाई लड़ेगी पार्टी

रायपुर, 19 सितंबर 2026
झीरम घाटी हत्याकांड मामले को लेकर छत्तीसगढ़ कांग्रेस ने बैठक कर तीन बड़े फैसले लिए हैं। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने बताया कि पार्टी आलाकमान से समय लेकर वरिष्ठ नेताओं के साथ मुलाकात करेगी। इसके अलावा पीड़ित और शहीद परिवारों के साथ दिल्ली में बड़ी प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की जाएगी और NIA कोर्ट के फैसले के खिलाफ कानूनी लड़ाई लड़ी जाएगी।
दीपक बैज ने कहा कि NIA कोर्ट के फैसले से पीड़ित और शहीद परिवार संतुष्ट नहीं हैं। कांग्रेस ने फैसले के बाद पीड़ित परिवारों और शहीद परिवारों से चर्चा की और मामले को लेकर गंभीर मंथन किया। उन्होंने कहा कि बस्तर और छत्तीसगढ़ की जनता भी इस फैसले से खुश नहीं है।
केवल कार्रवाई का दिखावा नहीं होना चाहिए
बैज ने कहा कि NIA कोर्ट के फैसले में नक्सल संगठन के निचले स्तर पर काम करने वाले और सूचना तंत्र के रूप में भूमिका निभाने वाले लोगों पर कार्रवाई हुई है। उन्होंने कहा कि झीरम जैसे बड़े मामले में वास्तविक न्याय होना चाहिए और कांग्रेस इस पूरे मामले को आगे भी गंभीरता से उठाएगी।
कानूनी राय के बाद तय होगी आगे की रणनीति
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि कांग्रेस जल्द ही पार्टी के आलाकमान से मुलाकात कर NIA कोर्ट के फैसले पर विस्तार से चर्चा करेगी। इसके बाद दिल्ली में बड़ी प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित कर इस मुद्दे को उठाया जाएगा।
उन्होंने बताया कि संबंधित लोगों से चर्चा के बाद वरिष्ठ वकीलों से कानूनी राय ली जाएगी। इसके आधार पर आगे की रणनीति तय की जाएगी, ताकि झीरम घाटी के पीड़ित और शहीद परिवारों के लिए कानूनी स्तर पर प्रभावी कदम उठाए जा सकें।




