
जगदलपुर, 27 जून 2026
भारत सरकार के सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के अंतर्गत पत्र सूचना कार्यालय (पीआईबी), रायपुर द्वारा जगदलपुर में विशेष मीडिया संवाद कार्यशाला ‘वार्तालाप’ का आयोजन किया गया। “सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण के 12 वर्ष: नक्सलवाद से विकास और विश्वास की ओर बढ़ता बस्तर” विषय पर आयोजित इस कार्यक्रम में बस्तर में पिछले 12 वर्षों में हुए सामाजिक-आर्थिक बदलावों और विकास कार्यों पर विस्तार से चर्चा की गई।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य राज्य मंत्री श्री तोखन साहू ने कहा कि ‘विकास’ और ‘शिक्षा’ सरकार की दो सबसे अहम प्राथमिकताएँ हैं। उन्होंने कहा कि बस्तर जैसे दूरस्थ क्षेत्रों का समग्र विकास तभी संभव है, जब शिक्षा और बुनियादी सुविधाएं अंतिम व्यक्ति तक पहुंचें। उन्होंने बताया कि केंद्र सरकार की योजनाओं से लाखों लोगों के जीवन स्तर में सुधार आया है और वंचित वर्गों को मुख्यधारा से जोड़ने का काम हुआ है।
श्री साहू ने बताया कि देशभर में 58 करोड़ से अधिक जनधन खाते, 57 करोड़ से अधिक मुद्रा ऋण, 81 करोड़ लोगों को मुफ्त राशन, 4 करोड़ से अधिक पक्के घर, 11 करोड़ से अधिक उज्ज्वला गैस कनेक्शन और 7 करोड़ से अधिक लोगों को जीवन ज्योति बीमा योजना का लाभ मिला है। उन्होंने कहा कि इन योजनाओं ने गरीबों के जीवन में बड़ा बदलाव लाया है।
उन्होंने यह भी कहा कि भारत दुनिया का सबसे बड़ा मिलेट्स उत्पादक देश बन चुका है, जिससे बस्तर के कोदो-कुटकी और रागी उगाने वाले आदिवासी किसानों को लाभ मिल रहा है। साथ ही देश आज दुनिया का तीसरा सबसे बड़ा स्टार्टअप इकोसिस्टम बनकर उभरा है।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए बस्तर सांसद श्री महेश कश्यप ने कहा कि बस्तर अब नक्सलवाद के अंधेरे से निकलकर विकास और विश्वास की नई राह पर आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि वनधन केंद्र, एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय, सड़क, शिक्षा और अन्य बुनियादी सुविधाओं के विस्तार से आदिवासी समुदाय का जीवन बेहतर हो रहा है।
कार्यक्रम में जगदलपुर नगर निगम के महापौर संजय पाण्डे, कलेक्टर आकाश छिकारा, एसएसपी शलभ सिन्हा और जिला पंचायत सीईओ प्रतीक जैन सहित कई अधिकारी मौजूद रहे। इस दौरान पत्रकारों ने क्षेत्रीय विकास से जुड़े सुझाव भी साझा किए। पीआईबी रायपुर ने कहा कि मीडिया लोकतंत्र का चौथा स्तंभ है और सरकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।




