छत्तीसगढ़रायपुर संभाग

मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने आंगनबाड़ी के नन्हे बच्चों के साथ मनाया जन्मदिन, खुद परोसा भोजन और उनके साथ बैठकर किया न्योता भोज

रायपुर,10 नवंबर 2026

जन्मदिन की खुशियां जब बच्चों की मुस्कान के साथ साझा की जाएं तो यह अवसर और भी खास बन जाता है। महिला एवं बाल विकास तथा समाज कल्याण मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े ने अपना जन्मदिन सूरजपुर जिले के ग्राम लटोरी के नवापारा स्थित आंगनबाड़ी केंद्र के नन्हे-मुन्ने बच्चों के बीच मनाया। इस अवसर पर आयोजित न्योता भोज में मंत्री ने बच्चों को अपने हाथों से भोजन परोसा और उनके साथ बैठकर भोजन किया। कार्यक्रम में प्रेमनगर विधायक श्री भूलन सिंह मरावी भी मौजूद रहे।

बच्चों ने गीत और कविताओं से दी जन्मदिन की बधाई

मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े के आंगनबाड़ी केंद्र पहुंचते ही बच्चों ने एक स्वर में हैप्पी बर्थडे टू यू गाकर उन्हें जन्मदिन की बधाई दी। बच्चों के इस आत्मीय स्वागत से पूरा आयोजन खुशियों और उत्साह से भर गया।

मंत्री ने बच्चों के बीच बैठकर उनसे बातचीत की, उनके नाम पूछे और उन्हें अपनी बातें साझा करने के लिए प्रोत्साहित किया। बच्चों ने भी पूरे उत्साह के साथ अपना परिचय दिया।

इस दौरान बच्चों ने मछली जल की रानी है, आलू कचालू और तितली रानी जैसी बाल कविताएं सुनाईं। बच्चों की प्यारी प्रस्तुतियों पर मंत्री ने तालियां बजाकर उनका उत्साह बढ़ाया। जब उन्होंने पूछा कि आंगनबाड़ी में रोज कौन-कौन आता है, तो बच्चों ने मुस्कुराते हुए हाथ उठाकर जवाब दिया। बच्चों की सहजता और आत्मविश्वास ने सभी का मन मोह लिया।

स्वच्छता और अच्छी आदतों का दिया संदेश

बच्चों से बातचीत के दौरान मंत्री ने उन्हें स्वच्छता और अच्छी आदतों के प्रति जागरूक किया। उन्होंने बच्चों से पूछा कि चॉकलेट खाने के बाद उसका रैपर कहां डालना चाहिए। इस पर बच्चों ने एक साथ जवाब दिया कि रैपर डस्टबिन में डालना चाहिए।

मंत्री ने बच्चों के सही जवाब की सराहना करते हुए उन्हें आसपास साफ-सफाई रखने और स्वच्छता को अपनी दिनचर्या में शामिल करने की सीख दी।

बच्चों को अपने हाथों से परोसा भोजन, साथ बैठकर किया भोज

आयोजन के दौरान बच्चों के लिए चावल, दाल, खीर, पूड़ी, छोला और मुनगा भाजी सहित कई स्वादिष्ट व्यंजन तैयार किए गए थे। भोजन से पहले बच्चों ने सामूहिक रूप से भोजन मंत्र का पाठ किया।

इसके बाद मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े ने स्वयं बच्चों को भोजन परोसा और उनके साथ जमीन पर बैठकर भोजन ग्रहण किया। बच्चों के बीच बैठकर भोजन साझा करने का यह आत्मीय दृश्य कार्यक्रम का खास आकर्षण रहा।

भोजन के बाद मंत्री ने सभी बच्चों को टॉफियां और उपहार भेंट किए। उपहार पाकर बच्चों के चेहरे खुशी से खिल उठे। जन्मदिन के इस आयोजन में बच्चों की मुस्कान और खिलखिलाहट ने खुशियों को और खास बना दिया।

बच्चों के पोषण और समग्र विकास से जुड़ने का संदेश

आंगनबाड़ी केंद्रों में न्योता भोज आयोजित करने का उद्देश्य समाज और समुदाय को बच्चों के पोषण, देखभाल तथा समग्र विकास से जोड़ना है। मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने अपना जन्मदिन बच्चों के बीच मनाकर इस पहल में सहभागिता और सामाजिक जुड़ाव का संदेश दिया।

बच्चों के गीत, कविताएं, उत्साह और खिलखिलाहट के बीच मनाया गया यह जन्मदिन समारोह आत्मीयता और खुशियों की यादगार मिसाल बन गया।

Related Articles

Back to top button
You Cannot able to copy the content! All Reserved Rights of Bastar Dagar