नई दिल्ली

बस्तर में जवानों के बीच PM मोदी के बयान पर राहुल गांधी का पलटवार, CRPF जवानों को टैग कर दी डिबेट की चुनौती

नई दिल्ली,10 नवंबर 2026

कांग्रेस सांसद और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने एक बार फिर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को खुली बहस की चुनौती दी है। उन्होंने इस बार सीधे CRPF के जवानों को टैग करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री ने उन्हें नक्सली कहा है। अगर उनमें हिम्मत है तो वे उनके साथ खुली बहस करें। पिछले 8 दिनों में यह छठी बार है, जब राहुल गांधी ने पीएम मोदी को बहस की चुनौती दी है।

दरअसल, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस वर्ष दीपावली छत्तीसगढ़ के बस्तर में CRPF जवानों के साथ मनाई थी। इस दौरान उन्होंने जवानों को संबोधित करते हुए कहा था कि जंगलों से हथियारबंद नक्सलियों का सफाया हो चुका है, लेकिन अब देश को दिमागी नक्सलियों से लड़ना होगा। ये लोग जनता को भड़काने और संविधान व लोकतंत्र के खिलाफ माहौल बनाने का काम कर रहे हैं।

प्रधानमंत्री के इसी बयान का वीडियो साझा करते हुए राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि CRPF जवानों के चेहरों ने सब कुछ बता दिया है और उन्हें प्रधानमंत्री के झूठ पर भरोसा नहीं है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने उन्हें नक्सली कहा है और उनकी चुनौती अब भी कायम है।

राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री से सवाल किया कि देशद्रोही कौन है और विदेशी ताकतों के इशारे पर कौन चल रहा है? उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री उनसे किसी भी समय और किसी भी जगह बहस कर सकते हैं। राहुल ने दावा किया कि बहस के बाद प्रधानमंत्री में किसी भी जवान के सामने खड़े होने की हिम्मत नहीं बचेगी।

पीएम मोदी ने क्या कहा था?

बस्तर में कोबरा ऑपरेशंस बेस पर CRPF जवानों के साथ दीपावली मनाने पहुंचे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने करीब 42 मिनट तक जवानों को संबोधित किया था। इस दौरान उन्होंने कहा था कि नक्सलवाद का खतरा अभी पूरी तरह खत्म नहीं हुआ है। हथियारबंद नक्सलियों के बाद अब दिमागी नक्सलियों की पहचान कर उनसे लड़ने की जरूरत है।

प्रधानमंत्री ने आरोप लगाया था कि ऐसे लोगों ने कई राजनीतिक संगठनों में घुसपैठ कर ली है और वे लोगों को संविधान तथा लोकतंत्र के खिलाफ भड़काने का प्रयास कर रहे हैं।

प्रधानमंत्री के इस बयान के बाद राहुल गांधी ने एक बार फिर खुली बहस की चुनौती देकर राजनीतिक बहस को तेज कर दिया है।

Related Articles

Back to top button
You Cannot able to copy the content! All Reserved Rights of Bastar Dagar