‘मिर्जापुर: द मूवी’ के ‘शूरवीर’ गाने पर बवाल, दिल्ली हाई कोर्ट पहुंची PIL; हटाने की मांग

एंटरटेनमेंट डेस्क,12 सितंबर 2026
हाल ही में रिलीज हुई फिल्म ‘मिर्जापुर: द मूवी’ अपने क्लाइमेक्स में इस्तेमाल किए गए ‘शूरवीर’ गाने को लेकर विवादों में घिर गई है। गाने को फिल्म से हटाने या बदलने की मांग को लेकर दिल्ली हाई कोर्ट में जनहित याचिका (PIL) दायर की गई है।
याचिका में आरोप लगाया गया है कि फिल्म में ‘शूरवीर’ गाने का इस्तेमाल गैंगस्टरों और आपराधिक किरदारों के महिमामंडन के संदर्भ में किया गया है। याचिकाकर्ता का कहना है कि गीत का मूल भाव इससे अलग है और यह वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप की वीरता और महानता को समर्पित है।
गाने के इस्तेमाल पर क्यों उठे सवाल?
प्रशांत कुमार सिंह नाम के व्यक्ति की ओर से दायर PIL में कहा गया है कि फिल्म के क्लाइमेक्स में ‘शूरवीर’ ट्रैक को काल्पनिक गैंगस्टरों के संदर्भ में इस्तेमाल किया गया है। याचिका के मुताबिक, इससे गीत के मूल सांस्कृतिक संदर्भ और उद्देश्य का गलत चित्रण होता है।
याचिकाकर्ता ने दावा किया कि महाराणा प्रताप जैसे ऐतिहासिक व्यक्तित्व की वीरता को समर्पित गीत को अपराधियों की पृष्ठभूमि में इस्तेमाल करने से ऐतिहासिक और सांस्कृतिक विरासत प्रभावित होती है।
गाना हटाने या बदलने की मांग
PIL में दिल्ली हाई कोर्ट से फिल्म के क्लाइमेक्स से ‘शूरवीर’ ट्रैक हटाने या बदलने का निर्देश देने की मांग की गई है।
इसके अलावा याचिका में ऐतिहासिक और सांस्कृतिक रूप से महत्वपूर्ण व्यक्तित्वों से जुड़े गीतों, प्रतीकों और संदर्भों के सिनेमाई इस्तेमाल को लेकर उचित दिशानिर्देश तैयार करने की मांग भी की गई है।
याचिकाकर्ता के अनुसार, ऐसे दिशानिर्देश जरूरी हैं ताकि ऐतिहासिक महत्व रखने वाले गीतों का इस्तेमाल इस तरह न हो, जिससे उनका अपराध या असामाजिक गतिविधियों के साथ भ्रामक जुड़ाव बन जाए।
राजेंद्र राठौड़ ने भी जताई आपत्ति
दिल्ली हाई कोर्ट में PIL दाखिल होने से एक दिन पहले राजस्थान के भाजपा नेता राजेंद्र राठौड़ ने भी फिल्म में ‘शूरवीर’ गाने के इस्तेमाल पर आपत्ति जताई थी।
राठौड़ ने केंद्रीय फिल्म प्रमाणन बोर्ड (CBFC) के अध्यक्ष को पत्र लिखकर फिल्म से इस गीत को हटाने की मांग की। उन्होंने अपने पत्र को सोशल मीडिया पर भी साझा किया।
राठौड़ ने कहा कि महाराणा प्रताप को समर्पित गीत को फिल्म में गैंगस्टर और आपराधिक किरदारों वाले दृश्यों के साथ जोड़कर दिखाना उचित नहीं है।
‘शूरवीर’ और गैंगस्टर के मूल्यों में अंतर
राठौड़ के मुताबिक, शूरवीर और गैंगस्टर के चरित्र एवं मूल्यों में स्पष्ट अंतर है। उन्होंने कहा कि वीरता, त्याग, धर्म, स्वाभिमान और राष्ट्रभूमि के प्रति समर्पण जैसे मूल्यों को अपराध, हिंसा और गैंग संस्कृति से जोड़ना दुर्भाग्यपूर्ण है।
उन्होंने CBFC से ‘मिर्जापुर: द मूवी’ से ‘शूरवीर’ गीत हटाने की मांग की है। साथ ही भविष्य में ऐतिहासिक महापुरुषों से जुड़े गीतों और प्रतीकों के इस्तेमाल में उनके सम्मान और मूल भावनाओं का ध्यान रखने की मांग भी की है।
इस तरह ‘शूरवीर’ गाने को लेकर अब दिल्ली हाई कोर्ट में PIL और राजस्थान में राजेंद्र राठौड़ की आपत्ति सामने आने के बाद विवाद और गहरा गया है।




