मनोरंजन

‘बंटवारा 1947’ टीजर-2 रिलीज: सनी देओल के एक्शन ने बढ़ाया रोमांच, बंटवारे का दर्द देख भावुक होंगे दर्शक

मुंबई, 25 जुलाई 2026। आमिर खान प्रोडक्शंस के बैनर तले बनी बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘बंटवारा 1947’ का दूसरा टीजर रिलीज हो गया है। करीब एक मिनट के इस टीजर में 1947 के भारत-विभाजन की त्रासदी, हिंसा और इंसानी दर्द को बेहद प्रभावशाली अंदाज में दिखाया गया है। सनी देओल का दमदार एक्शन अवतार और उनका गंभीर वॉयसओवर टीजर की सबसे बड़ी खासियत बनकर सामने आया है।

टीजर में सनी देओल कहते सुनाई देते हैं, “डर रहे हैं लोग, मर रहे हैं लोग… मैं जीते जी मरना नहीं चाहता।” इसके साथ ही विभाजन के दौरान फैली हिंसा, जलते घर, बिछड़ते परिवार और भय के माहौल को मार्मिक दृश्यों के जरिए दिखाया गया है। वहीं प्रीति जिंटा, शबाना आजमी और अली फजल की झलकियां कहानी में भावनात्मक गहराई जोड़ती हैं।

सनी देओल एक ऐसे बहादुर किरदार में नजर आ रहे हैं, जो नफरत और डर के माहौल में भी साहस के साथ खड़ा दिखाई देता है। टीजर यह संदेश देता है कि आजादी की खुशी पर विभाजन का दर्द कितना भारी पड़ा था और लाखों लोगों ने उस दौर में किस तरह की त्रासदी झेली।

पहला टीजर भी बना था चर्चा का विषय

इससे पहले रिलीज हुए पहले टीजर में आमिर खान के गंभीर वॉयसओवर के साथ आजादी और उसके बाद हुए विभाजन की भयावह तस्वीर पेश की गई थी। हालांकि कहानी को पूरी तरह उजागर नहीं किया गया था, लेकिन फिल्म का माहौल और विषय स्पष्ट कर दिया गया था। पहले टीजर में सनी देओल का संवाद “इरादा तो नहीं, पर ऐतराज भी नहीं है” काफी चर्चा में रहा था।

दमदार स्टारकास्ट

फिल्म में सनी देओल सिकंदर मिर्जा, शबाना आजमी दुर्गावती देवी (माई), प्रीति जिंटा हमीदा बेगम, करण देओल जावेद मिर्जा, अली फजल हबीब अनवर और अभिमन्यु सिंह याकूब खान की भूमिका में नजर आएंगे।

30 साल बाद फिर साथ आए संतोषी और सनी

राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता निर्देशक राजकुमार संतोषी और सनी देओल करीब तीन दशक बाद एक बार फिर साथ काम कर रहे हैं। इससे पहले दोनों की जोड़ी घायल, दामिनी और घातक जैसी सुपरहिट फिल्में दे चुकी है। फिल्म का निर्माण आमिर खान प्रोडक्शंस और अपर्णा पुरोहित ने किया है। वहीं ए.आर. रहमान ने संगीत दिया है और गीत जावेद अख्तर ने लिखे हैं।

‘बंटवारा 1947’ का दूसरा टीजर रिलीज होने के बाद फिल्म को लेकर दर्शकों की उत्सुकता और भी बढ़ गई है। इतिहास, देशभक्ति, भावनाओं और दमदार एक्शन से भरपूर यह फिल्म इस साल की बहुप्रतीक्षित फिल्मों में शामिल मानी जा रही है।

Related Articles

Back to top button
You Cannot able to copy the content! All Reserved Rights of Bastar Dagar