क्रेशर खदानों से कारोबार तेज, ग्रामीणों की जिंदगी धूल और गड्ढों के बीच: जर्जर सड़क पर टिपरों का खतरा, युवक की मौत के बाद भी नहीं चेते जिम्मेदार

बस्तर, 25 नवंबर 2026। टिकनपाल क्षेत्र में संचालित क्रेशर खदानों से कारोबार की रफ्तार तो लगातार बढ़ रही है, लेकिन इसका खामियाजा आसपास के ग्रामीणों को भुगतना पड़ रहा है। खदानों से निकलने वाले भारी टिपर और ट्रकों की लगातार आवाजाही के कारण काकड़ी घाट से उसरी मधोता तक सड़क की हालत बेहद खराब हो गई है। सड़क का डामर उखड़ चुका है और जगह-जगह गहरे गड्ढे बन गए हैं। ऐसे में इस मार्ग से गुजरना ग्रामीणों और राहगीरों के लिए जोखिम भरा साबित हो रहा है।
ग्रामीणों का आरोप है कि भारी वाहनों की लगातार आवाजाही के बावजूद सड़क के रखरखाव पर ध्यान नहीं दिया जा रहा है। मरम्मत के नाम पर सड़क पर गिट्टी और डस्ट डालकर खानापूर्ति कर दी जाती है। इसके बाद जैसे ही भारी वाहन गुजरते हैं, धूल के गुबार उठने लगते हैं। इसका असर सड़क से गुजरने वाले राहगीरों के साथ आसपास रहने वाले लोगों पर भी पड़ रहा है। घरों में धूल की परत जम रही है और लोगों को दरवाजे-खिड़कियां बंद रखने के बावजूद परेशानी झेलनी पड़ रही है।
पानी छिड़काव से कब तक मिलेगी राहत?
धूल से राहत दिलाने के लिए सड़क पर पानी का छिड़काव किया जाता है, लेकिन इसका असर कुछ समय तक ही रहता है। कुछ देर बाद भारी वाहनों की आवाजाही से फिर धूल उड़ने लगती है। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि क्या केवल पानी छिड़काव करना ही धूल नियंत्रण का स्थायी समाधान है? सड़क की पक्की मरम्मत और नियमित रखरखाव की जिम्मेदारी आखिर कौन उठाएगा?
टिपर की चपेट में आने से युवक की हो चुकी है मौत
इस मार्ग पर भारी वाहनों की आवाजाही कितनी खतरनाक हो सकती है, इसका अंदाजा कुछ दिन पहले हुए हादसे से लगाया जा सकता है। एक युवक की टिपर की चपेट में आने से मौत हो गई थी। इस घटना के बाद भी सड़क सुरक्षा और भारी वाहनों के संचालन को लेकर ग्रामीणों की चिंताएं कम नहीं हुई हैं। दोपहिया वाहन चालकों, आम राहगीरों और स्कूली बच्चों की सुरक्षा पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।
खदान संचालकों की जवाबदेही तय करने की मांग
ग्रामीणों का कहना है कि क्रेशर खदानों से रोजाना बड़ी संख्या में भारी वाहनों के जरिए गिट्टी और अन्य निर्माण सामग्री का परिवहन किया जा रहा है। इससे सड़क को नुकसान पहुंच रहा है, लेकिन उसकी मरम्मत की जिम्मेदारी लेने वाला कोई नजर नहीं आ रहा। ग्रामीणों ने सवाल उठाया है कि क्या भारी वाहनों की भार क्षमता की जांच होती है? क्या ओवरलोडिंग पर कार्रवाई की जाती है? धूल नियंत्रण और सड़क सुरक्षा के इंतजामों की निगरानी कौन कर रहा है?
ग्रामीणों ने जिला प्रशासन, खनिज विभाग और संबंधित सड़क निर्माण विभाग से काकड़ी घाट से उसरी तक सड़क की स्थायी मरम्मत कराने, भारी वाहनों की गति और भार क्षमता पर निगरानी रखने तथा खदान संचालकों की जवाबदेही तय करने की मांग की है।
ग्रामीणों का कहना है कि उन्हें खदानों के कारोबार से कोई आपत्ति नहीं है, लेकिन विकास और कारोबार की कीमत गांव के लोगों को अपनी सुरक्षा, स्वास्थ्य और आवागमन की सुविधा गंवाकर नहीं चुकानी चाहिए। अब सवाल यही है कि जिम्मेदार विभाग कब जागेंगे और ग्रामीणों को जर्जर सड़क, उड़ती धूल और हादसों के खतरे से कब राहत मिलेगी?




