छत्तीसगढ़जगदलपुर

माओवाद प्रभावित क्षेत्रों से लौट रहे परिवारों के पुनर्वास को मिले सर्वोच्च प्राथमिकता

जगदलपुर, 09 सितंबर 2026

कमिश्नर बस्तर श्री डोमन सिंह ने आंध्र प्रदेश एवं तेलंगाना में प्रवासित दंतेवाड़ा, बीजापुर और सुकमा जिलों के परिवारों के पुनर्वास की वर्चुअल समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को माओवाद मुक्त बस्तर में अपने गांव लौट रहे परिवारों का संवेदनशीलता और सर्वोच्च प्राथमिकता के साथ पुनर्वास सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

कमिश्नर ने कहा कि विश्वास के साथ अपने गांव वापस लौट रहे परिवारों को बेहतर वातावरण उपलब्ध कराना शासन की प्राथमिकता है। पात्र परिवारों को आवास सहित मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने शासन की 31 व्यक्ति मूलक एवं 14 सामुदायिक योजनाओं से पात्र परिवारों को लाभान्वित करने पर जोर दिया।

ग्राम पंचायत स्तर पर होगा नियमित सर्वे

कमिश्नर ने निर्देश दिए कि आंध्र प्रदेश एवं तेलंगाना में रह रहे प्रवासित परिवारों तक पुनर्वास नीति और शासन की सुविधाओं की जानकारी प्रभावी ढंग से पहुंचाई जाए। ग्राम पंचायतों में नियमित शिविर लगाकर वापस लौटने वाले परिवारों का सर्वे करने के साथ उनकी अद्यतन जानकारी का संधारण किया जाए।

इसके लिए गांवों में बैठक आयोजित कर मांझी-मुखिया, समाज प्रमुख, पटेल-कोटवार, गायता-पुजारी, पंचायत पदाधिकारियों और ग्रामीणों से चर्चा करने तथा प्रवासित एवं वापस लौटने वाले परिवारों की विस्तृत जानकारी जुटाने के निर्देश दिए गए।

मीडिया और मुनादी से होगा व्यापक प्रचार-प्रसार

कमिश्नर ने पुनर्वास प्रयासों का प्रिंट एवं अन्य मीडिया माध्यमों के जरिए व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए। ग्राम पंचायतों में प्रवासित परिवारों से संबंधित सूचनाएं एवं सूची चस्पा करने तथा कोटवारों के माध्यम से मुनादी कराने को कहा गया, ताकि अधिक से अधिक परिवारों तक शासन की पुनर्वास नीति और सुविधाओं की जानकारी पहुंच सके।

उन्होंने राजस्व एवं अन्य संबंधित विभागों के अधिकारियों को परिवारों के सर्वे के लिए नियमित क्षेत्र भ्रमण का रोस्टर तैयार कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। समीक्षा बैठक में दंतेवाड़ा, बीजापुर एवं सुकमा जिलों के अपर कलेक्टर, एसडीएम, तहसीलदार, नायब तहसीलदार सहित अन्य अधिकारी वर्चुअल रूप से जुड़े।

Related Articles

Back to top button
You Cannot able to copy the content! All Reserved Rights of Bastar Dagar