छत्तीसगढ़बिलासपुर संभाग

बिलासपुर में बादाम लेकर पहुंचा युवक: 1 साल फाइल दबाने पर 2 अफसर अटैच, VIDEO से खुली पोल

बिलासपुर, 21 अप्रैल 2026

बिलासपुर में फ्लैट के नाम ट्रांसफर की फाइल एक साल तक दबाए रखने का मामला तूल पकड़ गया। काम पूरा होने के बावजूद फाइल नहीं मिलने से परेशान युवक ने अनोखा विरोध किया—वह आधा किलो बादाम लेकर दफ्तर पहुंचा और अफसरों से कहा, “इसे खाइए, याददाश्त बढ़ेगी… जब मेरी फाइल याद आ जाए तो बता दीजिए।” इसका वीडियो वायरल होते ही प्रशासन हरकत में आया।

जांच में सामने आया कि तरुण साहू ने 17 मार्च 2025 को नामांतरण के लिए आवेदन किया था और 11 नवंबर 2025 को प्रक्रिया पूरी भी हो चुकी थी। इसके बावजूद फाइल दफ्तर में ही पड़ी रही और युवक को करीब एक साल तक चक्कर लगाने पड़े।

मामले की गंभीरता को देखते हुए गृह निर्माण मंडल ने कार्रवाई करते हुए संपदा अधिकारी-कार्यपालन अभियंता एलपी बंजारे और एक अन्य संपदा प्रबंधक को तत्काल प्रभाव से मुख्यालय, नवा रायपुर अटैच कर दिया है। विभाग ने साफ कहा है कि आम नागरिकों के काम में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

इधर, वीडियो वायरल होने के बाद मामला और गरमा गया। हाउसिंग बोर्ड की एक महिला अधिकारी ने युवक पर जातिगत टिप्पणी और अभद्रता के आरोप लगाते हुए पुलिस में शिकायत की है। हालांकि अभी तक इस शिकायत पर कोई कार्रवाई नहीं हुई है।

पूरा मामला अब सोशल मीडिया पर बहस का विषय बना हुआ है—एक तरफ युवक अपने अनोखे विरोध को सही ठहरा रहा है, तो दूसरी ओर अधिकारी भी अपने बचाव में सामने आ रहे हैं।

Related Articles

Back to top button
You Cannot able to copy the content! All Reserved Rights of Bastar Dagar