खेलछत्तीसगढ़

राष्ट्रीय खेल दिवस पर KTU में पारंपरिक और नवाचारी खेलों की धूम, कुलपति बोले- अंतिम सांस तक संघर्ष की सीख देता है खेल

रायपुर, 29 अगस्त 2026

रायपुर, 29 अगस्त 2026: राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर कुशाभाऊ ठाकरे पत्रकारिता एवं जनसंचार विश्वविद्यालय (KTU), रायपुर में विशेष खेल कार्यक्रम का आयोजन किया गया। विश्वविद्यालय परिसर में आयोजित कार्यक्रम में विद्यार्थियों और संकाय सदस्यों ने विभिन्न पारंपरिक एवं नवाचारी खेलों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कुलपति प्रो. डॉ. मनोज दयाल ने कहा कि खेल केवल शारीरिक और मानसिक तंदुरुस्ती का माध्यम नहीं हैं, बल्कि विपरीत परिस्थितियों में भी अंतिम क्षण तक संघर्ष कर विजय हासिल करने का साहस प्रदान करते हैं।

उन्होंने कहा कि खेलों के माध्यम से विद्यार्थियों में टीम भावना, नेतृत्व क्षमता, धैर्य, उत्साह, सकारात्मक सोच और आपसी समन्वय जैसे महत्वपूर्ण जीवन-मूल्यों का विकास होता है। ये गुण विद्यार्थियों के व्यक्तित्व को संतुलित और बहुआयामी बनाने के साथ तनावमुक्त जीवन जीने में भी सहायक होते हैं।

इन खेलों में विद्यार्थियों ने लिया हिस्सा

राष्ट्रीय खेल दिवस के उपलक्ष्य में विश्वविद्यालय परिसर में कई पारंपरिक और नवाचारी खेल प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। इनमें ‘ओंकार दौड़’, ‘केंद्र कबड्डी’, ‘नेताजी की पहचान’, ‘मत चूको चौहान’, ‘शेर-आदमी-बंदूक’ और ‘सुदर्शन चक्र’ जैसी स्पर्धाएं शामिल रहीं।

इन प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों के साथ संकाय सदस्यों ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया। पूरे परिसर में खेलों को लेकर उत्साह और उमंग का माहौल देखने को मिला।

कुलसचिव समेत विश्वविद्यालय परिवार की भागीदारी

कार्यक्रम में कुलपति प्रो. डॉ. मनोज दयाल के साथ विश्वविद्यालय के कुलसचिव सुनील शर्मा, विभिन्न विभागों के विभागाध्यक्ष, प्राध्यापक, कर्मचारी और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

सभी प्रतिभागियों ने खेल भावना और टीमवर्क का परिचय देते हुए विभिन्न प्रतियोगिताओं में हिस्सा लिया और राष्ट्रीय खेल दिवस को उत्साह के साथ मनाया।

Related Articles

Back to top button
You Cannot able to copy the content! All Reserved Rights of Bastar Dagar