छत्तीसगढ़

बलौदाबाजार में ‘नशामुक्त युवा संकल्प अभियान’ का आगाज, मंत्री टंक राम वर्मा बोले- नशा दीमक की तरह जीवन को खोखला करता है

रायपुर, 02 अगस्त 2026

प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी द्वारा देशव्यापी ‘नशामुक्त युवा फॉर विकसित भारत संकल्प अभियान’ के वर्चुअल शुभारंभ के साथ बलौदाबाजार-भाटापारा जिले में भी अभियान की शुरुआत हुई। जिला पंचायत सभाकक्ष में आयोजित कार्यक्रम में राजस्व एवं आपदा प्रबंधन मंत्री श्री टंक राम वर्मा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री टंक राम वर्मा ने कहा कि “नशा एक दीमक की तरह है, जो व्यक्ति के साथ-साथ उसके परिवार, माता-पिता के सपनों और भविष्य को भी खोखला कर देता है।” उन्होंने उपस्थित युवाओं को नशे से दूर रहने और समाज में नशामुक्ति का संदेश फैलाने की शपथ दिलाई।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य को पूरा करने में युवाओं की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है। इतिहास गवाह है कि देश के बड़े परिवर्तन हमेशा युवाओं की ताकत से संभव हुए हैं। इसलिए युवाओं को अपनी ऊर्जा राष्ट्र निर्माण में लगानी चाहिए, न कि नशे की गिरफ्त में।

100 सप्ताह तक चलेगा जनजागरूकता अभियान

इस अभियान के तहत जिले में अगले 100 सप्ताह तक खेल, कला, संस्कृति और जनजागरूकता से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। कार्यक्रम में युवाओं ने नशामुक्ति पर आधारित प्रभावशाली नाटिका प्रस्तुत कर लोगों को जागरूक किया।

कार्यक्रम में मौजूद जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने कहा कि नशा केवल व्यक्ति का नहीं, बल्कि पूरे परिवार का विनाश करता है। उन्होंने युवाओं से इस 100-साप्ताहिक अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लेने और स्वस्थ एवं समृद्ध भारत के निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया।

इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती आकांक्षा जायसवाल, जनपद अध्यक्ष सुलोचना यादव, जिला पंचायत सदस्य ईशान वैष्णव, कलेक्टर कुलदीप शर्मा, खेल अधिकारी सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में युवा उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button
You Cannot able to copy the content! All Reserved Rights of Bastar Dagar