
जगदलपुर , 25/05/26। नई दिल्ली में आयोजित ‘जनजाति समागम’ कार्यक्रम के दौरान सुकमा जिले से पहुंचे बस्तर के तीन कार्यकर्ता अपने समूह से बिछड़ गए। अजनबी शहर में साथियों से अलग होने के कारण तीनों कार्यकर्ता काफी घबराए हुए थे। मामले की जानकारी मिलते ही बस्तर लोकसभा क्षेत्र के सांसद Mahesh Kashyap ने त्वरित संज्ञान लेते हुए तुरंत खोजबीन शुरू करवाई।
सांसद महेश कश्यप ने दिल्ली में मौजूद अपने सहयोगियों और कार्यकर्ताओं की टीम को तत्काल सक्रिय किया। लगातार प्रयास और समन्वय के बाद कुछ ही घंटों में तीनों कार्यकर्ताओं को सुरक्षित खोज लिया गया। इसके बाद सांसद के निर्देश पर उन्हें नई दिल्ली स्थित उनके आधिकारिक आवास पर लाया गया, जहां ठहरने, भोजन और विश्राम की विशेष व्यवस्था की गई।
बताया गया कि तीनों कार्यकर्ता वर्तमान में पूरी तरह सुरक्षित और स्वस्थ हैं। सांसद कार्यालय की ओर से उन्हें सम्मानपूर्वक उनके गृह जिला सुकमा वापस भेजने की तैयारी भी पूरी कर ली गई है। यात्रा से जुड़ी सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सांसद के मार्गदर्शन में सुनिश्चित की गई हैं।
इस पूरे घटनाक्रम के बाद सांसद महेश कश्यप की संवेदनशीलता और सक्रियता की सराहना की जा रही है। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक जीवन में केवल पद महत्वपूर्ण नहीं होता, बल्कि लोगों के सुख-दुख में उनके साथ खड़ा रहना सबसे बड़ा दायित्व होता है।
सांसद महेश कश्यप ने कहा, “अजनबी शहर में अपने लोगों को सुरक्षित देखकर मुझे आत्मसंतुष्टि मिली है। बस्तर का हर नागरिक मेरे परिवार का हिस्सा है और उनकी सुरक्षा, सम्मान व सेवा के लिए मैं सदैव प्रतिबद्ध हूँ।”




