छत्तीसगढ़जगदलपुर

खड़का, मधोता और कुंडगुड़ा में धूमधाम से मनाया गया शाला प्रवेश उत्सव, बच्चों को बांटी गई पुस्तकें और गणवेश

बस्तर, 24 जून 2026

विकासखंड बस्तर के संकुल खड़का, मधोता और कुंडगुड़ा में बुधवार को संकुल स्तरीय शाला प्रवेश उत्सव हर्षोल्लास के साथ आयोजित किया गया। कार्यक्रम में पूर्व जिला पंचायत उपाध्यक्ष मनीराम कश्यप मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता मधोता सरपंच कलावती नाग ने की।

कार्यक्रम में मंडल अध्यक्ष सुखदेव मंडावी, शाला प्रबंध समिति अध्यक्ष चमरुराम यादव, बीआरसी अजम्बर कोर्राम, संकुल प्राचार्य श्यामलाल नेताम सहित कई जनप्रतिनिधि और शिक्षा विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे। इसके अलावा रैमती नाग, वासुदेव यादव, नरेश ठाकुर, संजय ठाकुर, कृष्णा सिंह ठाकुर और हरदेव बघेल सहित दोनों संकुलों के शिक्षक-शिक्षिकाएं, पालकगण और बड़ी संख्या में ग्रामीणजन कार्यक्रम में शामिल हुए।

समारोह की शुरुआत मां सरस्वती के छायाचित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन और पूजा-अर्चना के साथ हुई। मुख्य अतिथि मनीराम कश्यप ने बच्चों को संबोधित करते हुए कहा कि शिक्षा ही बस्तर के विकास और उज्ज्वल भविष्य की आधारशिला है। उन्होंने विद्यार्थियों से नियमित रूप से विद्यालय आने, मन लगाकर पढ़ाई करने और अनुशासन का पालन करने की अपील की।

इस अवसर पर बीआरसी अजम्बर कोर्राम ने शासन की विभिन्न शैक्षणिक योजनाओं की जानकारी देते हुए पालकों से बच्चों को नियमित रूप से स्कूल भेजने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा से ही बच्चों का सर्वांगीण विकास संभव है।

कार्यक्रम के दौरान नवप्रवेशी विद्यार्थियों का तिलक लगाकर और पुष्पमाला पहनाकर आत्मीय स्वागत किया गया। साथ ही बच्चों को निःशुल्क पाठ्यपुस्तकों और गणवेशों का वितरण किया गया। अतिथियों ने विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।

शाला प्रवेश उत्सव के माध्यम से बस्तर अंचल में शिक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने का संदेश दिया गया। कार्यक्रम को लेकर बच्चों, पालकों और ग्रामीणों में विशेष उत्साह देखने को मिला।

Related Articles

Back to top button
You Cannot able to copy the content! All Reserved Rights of Bastar Dagar