वन विभाग के सभी कार्यालयों में ई-ऑफिस व्यवस्था होगी अनिवार्य, मंत्री केदार कश्यप ने दिए निर्देश

रायपुर, 7 जुलाई 2026
वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री केदार कश्यप ने वन विभाग के सभी कार्यालयों में ई-ऑफिस व्यवस्था का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि सामान्य प्रशासन विभाग के निर्देशों के अनुरूप मुख्यालय, वृत्त, वनमंडल तथा अन्य सभी कार्यालयों में कार्यालयीन नस्तियों एवं डाक का संचालन अनिवार्य रूप से ई-ऑफिस के माध्यम से ही किया जाएगा।
मंत्री केदार कश्यप ने स्पष्ट किया कि विभाग प्रमुख की पूर्व अनुमति के बिना किसी भी स्तर पर फिजिकल फाइल संचालित नहीं की जाएगी। सभी अधिकारी एवं कर्मचारी ई-ऑफिस के माध्यम से ही कार्यालयीन कार्यों का निष्पादन सुनिश्चित करें, ताकि शासन की डिजिटल कार्यप्रणाली को पूरी तरह लागू किया जा सके।
उन्होंने कहा कि ई-ऑफिस व्यवस्था लागू होने से फाइलों के निस्तारण में तेजी, निर्णय प्रक्रिया में पारदर्शिता, जवाबदेही तथा ऑनलाइन मॉनिटरिंग को बढ़ावा मिलेगा। इससे कार्यालयीन कार्यों में अनावश्यक विलंब समाप्त होगा और नागरिकों से जुड़े मामलों का समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित किया जा सकेगा।
वन मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार सुशासन, पारदर्शिता और तकनीक आधारित प्रशासन को बढ़ावा देने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने सभी वरिष्ठ अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे अपने अधीनस्थ कार्यालयों में ई-ऑफिस के शत-प्रतिशत अनुपालन की नियमित समीक्षा करें और शासन के निर्देशों का प्रभावी पालन सुनिश्चित करें।




