छत्तीसगढ़

छत्तीसगढ़ में बढ़ी राजनीतिक हलचल, मुख्यमंत्री ने बुलाई कैबिनेट बैठक

रायपुर, 18 जून 2026

छत्तीसगढ़ की राजनीति में मंत्रिमंडल फेरबदल की अटकलों के बीच मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने आज रात 8:30 बजे सभी मंत्रियों को मुख्यमंत्री निवास में बैठक के लिए तलब किया है। आधिकारिक तौर पर इस बैठक को विभागीय कामकाज की समीक्षा से जोड़ा जा रहा है, लेकिन इसके समय और स्वरूप ने राजनीतिक हलकों में चर्चाओं को तेज कर दिया है।

सूत्रों के अनुसार मंत्रियों को केवल बैठक की सूचना दी गई है, जबकि एजेंडे की विस्तृत जानकारी साझा नहीं की गई है। यही कारण है कि सत्ता और संगठन के गलियारों में बैठक को लेकर कई तरह के कयास लगाए जा रहे हैं।

मंत्रियों का लिया जा सकता है रिपोर्ट कार्ड

सरकारी सूत्रों का कहना है कि मुख्यमंत्री विभिन्न विभागों की प्रगति, घोषणाओं के क्रियान्वयन और जनहितकारी योजनाओं की स्थिति की समीक्षा कर सकते हैं। इसके साथ ही मंत्रियों के प्रदर्शन, लंबित परियोजनाओं और आगामी प्राथमिकताओं पर भी चर्चा होने की संभावना जताई जा रही है।

सूत्रों के मुताबिक सरकार आने वाले महीनों में विकास कार्यों की गति बढ़ाने और प्रशासनिक कसावट पर विशेष जोर देना चाहती है। ऐसे में मंत्रियों को नए लक्ष्य और समयसीमा भी निर्धारित कर दी जा सकती है।

राजनीतिक अटकलों को मिला बल

राजनीतिक हलकों में यह चर्चा भी चल रही है कि भाजपा संगठन में संभावित बदलावों का असर राज्यों की राजनीति पर भी पड़ सकता है। इसी संदर्भ में छत्तीसगढ़ मंत्रिमंडल को लेकर चर्चाएं और तेज हो गई हैं। हालांकि सरकार या भाजपा संगठन की ओर से किसी भी प्रकार के फेरबदल को लेकर अभी तक कोई आधिकारिक संकेत नहीं दिया गया है।

बैठक पर टिकी राजनीतिक नजरें

बैठक का एजेंडा सार्वजनिक नहीं होने से मंत्रियों के बीच भी उत्सुकता बनी हुई है। सत्ता के गलियारों में चर्चा है कि मुख्यमंत्री आगामी राजनीतिक और प्रशासनिक रणनीति पर मंत्रियों से सीधी बातचीत कर सकते हैं।

फिलहाल इसे विभागीय समीक्षा बैठक बताया जा रहा है, लेकिन मौजूदा राजनीतिक परिस्थितियों में इस बैठक को सामान्य प्रशासनिक प्रक्रिया से कहीं अधिक महत्वपूर्ण माना जा रहा है। अब बैठक के बाद निकलने वाले संकेतों पर राजनीतिक विश्लेषकों और आम लोगों की नजरें टिकी हुई हैं।

Related Articles

Back to top button
You Cannot able to copy the content! All Reserved Rights of Bastar Dagar