कांकेरछत्तीसगढ़

कांकेर में देशभक्ति के रंग में रंगा शहर, उप मुख्यमंत्री अरुण साव के नेतृत्व में निकली भव्य तिरंगा यात्रा

कांकेर, 11 अगस्त 2026

कांकेर में मंगलवार को देशभक्ति और राष्ट्रीय भावना से ओतप्रोत भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। उप मुख्यमंत्री तथा कांकेर जिले के प्रभारी मंत्री श्री अरुण साव के मुख्य आतिथ्य में आयोजित इस यात्रा में जनप्रतिनिधियों, पूर्व सैनिकों, विद्यार्थियों, अधिकारी-कर्मचारियों और बड़ी संख्या में नागरिकों ने उत्साह के साथ भाग लिया। करीब ढाई किलोमीटर लंबी पैदल रैली में पूरे शहर में देशभक्ति का माहौल नजर आया।

श्री अरुण साव के नेतृत्व में तिरंगा यात्रा शासकीय नरहरदेव उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय के खेल मैदान से शुरू हुई। यात्रा नगर घड़ी चौक, ऊपर-नीचे रोड, मस्जिद चौक और गांधी चौक से होते हुए नवनिर्मित मिनी स्टेडियम परिसर पहुंचकर सम्पन्न हुई। विधायक श्री आशाराम नेताम और छत्तीसगढ़ हस्तशिल्प बोर्ड की अध्यक्ष श्रीमती शालिनी राजपूत भी यात्रा में शामिल हुईं।

वंदे मातरम् के गायन से हुई शुरुआत

तिरंगा यात्रा की शुरुआत राष्ट्रगीत वंदे मातरम् के गायन के साथ हुई। शहर के विभिन्न स्थानों पर नागरिकों ने पुष्प वर्षा कर यात्रा में शामिल लोगों का स्वागत किया। इस दौरान देशभक्ति के नारे भी गूंजते रहे। नगरवासियों ने विद्यार्थियों को चॉकलेट और टॉफी बांटकर उनका उत्साह बढ़ाया।

वंदेमातरम् गीत के 150 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर आयोजन

केंद्रीय संस्कृति मंत्रालय और छत्तीसगढ़ शासन के संस्कृति विभाग के निर्देश पर वंदेमातरम् गीत के 150 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर जिला स्तरीय तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य लोगों में राष्ट्रप्रेम और राष्ट्रीय एकता की भावना को मजबूत करना रहा।

92 फीट का तिरंगा बना आकर्षण

तिरंगा यात्रा में विद्यार्थियों ने 92 फीट लंबा और 5 फीट चौड़ा तिरंगा प्रदर्शित किया। शहर के अलग-अलग मार्गों और चौक-चौराहों से गुजरते समय लहराता हुआ विशाल तिरंगा लोगों के आकर्षण का प्रमुख केंद्र बना रहा।

सेंट माइकल इंग्लिश स्कूल की बैंड टोली में शामिल छात्राओं ने राष्ट्रगीत की धुन पर वाद्य यंत्र बजाते हुए मार्चपास्ट किया। इससे यात्रा का माहौल और भी जोशीला हो गया।

9 से 17 अगस्त तक ‘हर घर तिरंगा’ अभियान

केंद्र और राज्य शासन के निर्देश पर 9 अगस्त से 17 अगस्त तक ‘हर घर तिरंगा’ कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। तिरंगा यात्रा के माध्यम से नागरिकों को अपने घरों पर राष्ट्रीय ध्वज फहराने और राष्ट्रगीत वंदेमातरम् के गायन के लिए प्रेरित किया जा रहा है।

इस अभियान का उद्देश्य नागरिकों में देशभक्ति, राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान और राष्ट्र के प्रति गौरव की भावना को और मजबूत करना है।

तिरंगा यात्रा में कांकेर नगर पालिका अध्यक्ष श्री अरुण कौशिक, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती किरण नरेटी, कलेक्टर श्री निलेशकुमार महादेव क्षीरसागर, एसपी श्री निखिल राखेचा, श्री महेश जैन, श्री सतीश लाटिया, श्री राहुल टिकरिहा, श्री राजा देवनानी, जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्रीमती तारा ठाकुर, नगर पालिका उपाध्यक्ष श्री उत्तम यादव, पूर्व विधायक श्रीमती सुमित्रा मारकोले, जिला पंचायत सीईओ श्री हरेश मंडावी तथा जिला शिक्षा अधिकारी एवं नोडल अधिकारी श्री रमेश निषाद सहित बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button
You Cannot able to copy the content! All Reserved Rights of Bastar Dagar