स्वतंत्रता दिवस पर रायपुर में भव्य परेड, CM साय करेंगे ध्वजारोहण; BSF-CRPF समेत 17 प्लाटून का मार्च पास्ट, कमिश्नरेट पर नजर

रायपुर, 15 अगस्त 2026। देश आज 80वां स्वतंत्रता दिवस मना रहा है। छत्तीसगढ़ में राज्य स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह का मुख्य आयोजन रायपुर के पुलिस परेड ग्राउंड में होगा। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय सुबह 9 बजे ध्वजारोहण करेंगे। इसके बाद विभिन्न सुरक्षा बलों और पुलिस की टुकड़ियां मार्च पास्ट कर मुख्यमंत्री को सलामी देंगी।
इस बार परेड में 17 प्लाटून शामिल होंगी। इनमें BSF, CRPF, ITBP, CISF, SSB और बिहार पुलिस की टुकड़ियों के साथ छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल, जिला पुलिस, जेल पुलिस, नगर सेना, NCC और अन्य दल शामिल रहेंगे। महिला और पुरुष पुलिस टुकड़ियों के अलावा घुड़सवार दल और डॉग स्क्वॉड भी समारोह का प्रमुख आकर्षण होंगे।
डॉग स्क्वॉड और हॉर्स शो दिखाएंगे हुनर
समारोह में प्रशिक्षित डॉग्स अपने विशेष कौशल का प्रदर्शन करेंगे। खतरे और संदिग्ध वस्तुओं को सूंघकर पहचानने वाले जांबाज डॉग्स का प्रदर्शन लोगों के लिए आकर्षण का केंद्र रहेगा। इसके साथ ही अश्वारोही दल भी अपने कौशल का प्रदर्शन करेगा।
मार्च पास्ट के बाद मुख्यमंत्री का संबोधन होगा। इसके बाद मेडल सेरेमनी, डॉग शो, हॉर्स शो और स्कूली बच्चों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियां आयोजित की जाएंगी।
रायपुर कमिश्नरेट को लेकर बड़े ऐलान की चर्चा
मुख्यमंत्री के संबोधन में पुलिस कमिश्नरेट सिस्टम को लेकर बड़े ऐलान की संभावना जताई जा रही है। चर्चा है कि रायपुर कमिश्नरेट का दायरा पूरे जिले तक बढ़ाने के साथ दुर्ग या बिलासपुर में भी कमिश्नरेट सिस्टम लागू करने की घोषणा हो सकती है। हालांकि, इन संभावित घोषणाओं की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
रायपुर में पुलिस कमिश्नरेट सिस्टम 23 जनवरी 2026 से लागू है।
29 जुलाई से चल रही थी परेड की तैयारी
स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियां 29 जुलाई से चल रही थीं। जवानों और विभिन्न दलों ने लगातार अभ्यास किया। गुरुवार को फाइनल फुल ड्रेस रिहर्सल आयोजित की गई, जिसमें मुख्य समारोह की तरह ही मार्च पास्ट और अन्य कार्यक्रमों का अभ्यास कराया गया।
परेड कमांडर IPS विमल कुमार पाठक और 2IC निशांत कुमार कुर्रे होंगे। महिला बैगपाइपर बैंड की प्रस्तुति भी समारोह का हिस्सा होगी।
सुरक्षा के कड़े इंतजाम
मुख्य समारोह को देखते हुए पुलिस परेड ग्राउंड और आसपास के इलाकों में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। पुलिस बल की तैनाती के साथ यातायात और भीड़ प्रबंधन की व्यवस्था की गई है।
समारोह की तैयारियों का वरिष्ठ अधिकारियों ने भी निरीक्षण किया है। पुलिस और प्रशासन की ओर से सुरक्षा, परेड, मंच, यातायात और अन्य व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया गया है।
स्वतंत्रता दिवस समारोह में मार्च पास्ट, केंद्रीय बलों की टुकड़ियां, डॉग स्क्वॉड, घुड़सवार दल और स्कूली बच्चों की प्रस्तुतियां मुख्य आकर्षण रहेंगी।




