छत्तीसगढ़जगदलपुर

डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की 125वीं जयंती पर भाजपा ने किया स्मरण, कार्यकर्ताओं ने अर्पित की श्रद्धांजलि

जगदलपुर, 6 जुलाई 2026

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने भारतीय जनसंघ के संस्थापक डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की 125वीं जन्मजयंती पर जिले के सभी 13 मंडलों में स्मरण दिवस कार्यक्रम आयोजित कर उन्हें भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की। कार्यक्रमों में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव और प्रदेश उपाध्यक्ष सतीश लाटिया सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए।

पूर्वी नगर मंडल द्वारा भोजपुरी समाज भवन तथा पश्चिमी नगर मंडल द्वारा भाजपा जिला कार्यालय में आयोजित कार्यक्रमों में किरण सिंह देव ने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी प्रखर राष्ट्रवादी, महान शिक्षाविद, दूरदर्शी चिंतक और भारतीय जनसंघ के संस्थापक थे। उन्होंने राष्ट्र की एकता, अखंडता और सांस्कृतिक अस्मिता के लिए अपना संपूर्ण जीवन समर्पित किया। उन्होंने कार्यकर्ताओं से डॉ. मुखर्जी के विचारों को आत्मसात कर संगठन और राष्ट्रहित में कार्य करने का आह्वान किया।

प्रदेश उपाध्यक्ष सतीश लाटिया ने कहा कि डॉ. मुखर्जी ने राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखते हुए अपने सिद्धांतों और संकल्पों से भारत की लोकतांत्रिक एवं राष्ट्रीय चेतना को नई दिशा दी। उनका त्याग, साहस, राष्ट्रभक्ति तथा ‘एक देश, एक विधान, एक निशान’ का संकल्प आज भी प्रत्येक भारतीय के लिए प्रेरणा का स्रोत है।

भाजपा जिला अध्यक्ष वेदप्रकाश पाण्डे, जिला उपाध्यक्ष आर्येंद्र सिंह आर्य, पूर्वी नगर मंडल अध्यक्ष अविनाश श्रीवास्तव और पश्चिमी नगर मंडल अध्यक्ष प्रकाश झा ने भी अपने संबोधन में डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के त्याग, बलिदान और राष्ट्रवादी विचारों को याद किया।

कार्यक्रम का संचालन दिगंबर राव और संजय चंद्राकर ने किया, जबकि मीना साहू एवं अतुल सिम्हा ने आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर महापौर संजय पाण्डेय, योगेन्द्र पाण्डेय, सफीरा साहू, रंजीत पाण्डेय, रोहित त्रिवेदी सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button
You Cannot able to copy the content! All Reserved Rights of Bastar Dagar