
जगदलपुर, 29 जून। बस्तर पुलिस ने नशे के खिलाफ अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए जगदलपुर बस स्टैंड से एक आरोपी को 8.08 किलोग्राम गांजा के साथ गिरफ्तार किया है। जब्त गांजा की अनुमानित कीमत करीब 4.04 लाख रुपये बताई गई है। आरोपी रायपुर ले जाकर गांजा बेचने की फिराक में बस का इंतजार कर रहा था।
पुलिस के अनुसार, मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति उड़ीसा से जगदलपुर आया है और लाल-सफेद रंग के बैग में गांजा लेकर बस स्टैंड स्थित आम के पेड़ के पास बस का इंतजार कर रहा है। सूचना पर थाना बोधघाट पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ लिया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान सुकड़ा धुरवा (निवासी ग्राम केंदुगुड़ा नदीपारा, थाना व्यापारीगुड़ा, जिला कोरापुट, ओडिशा) के रूप में हुई। तलाशी के दौरान उसके बैग से 8.08 किलो गांजा और 700 रुपये नकद बरामद किए गए।
आरोपी गांजा रखने, परिवहन और बिक्री से संबंधित कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद पुलिस ने उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(B) के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर विशेष एनडीपीएस न्यायालय, जगदलपुर में पेश किया।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक शलभ कुमार सिन्हा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक महेश्वर नाग के मार्गदर्शन, नगर पुलिस अधीक्षक सुमित कुमार के पर्यवेक्षण तथा थाना प्रभारी टामेश्वर चौहान के नेतृत्व में गठित टीम ने की।




