
रायपुर,18 नवम्बर 2026
छत्तीसगढ़ के दुर्गम और वनांचल क्षेत्र नारायणपुर जिले ने मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य के क्षेत्र में बड़ी उपलब्धि हासिल की है। कभी स्वास्थ्य सुविधाओं की पहुंच के लिए चुनौती माने जाने वाले अबूझमाड़ क्षेत्र में अब गर्भवती महिलाओं को सुरक्षित प्रसव की सुविधाएं मिल रही हैं। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन की स्वास्थ्यांक रिपोर्ट (अप्रैल-सितंबर 2026) में नारायणपुर ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए राज्य की शीर्ष अचीवर्स श्रेणी में स्थान बनाया है।
वित्तीय वर्ष 2026-27 में अप्रैल से अक्टूबर 2026 तक जिले को 1,786 संस्थागत प्रसव का लक्ष्य दिया गया था, जबकि स्वास्थ्य विभाग की सक्रियता और जनजागरूकता के चलते इस अवधि में 1,951 सुरक्षित संस्थागत प्रसव संपन्न कराए गए। यह निर्धारित लक्ष्य का 109.26 प्रतिशत है। इतना ही नहीं, पूरे वित्तीय वर्ष के 3,061 प्रसव के लक्ष्य का 63.74 प्रतिशत हिस्सा शुरुआती सात महीनों में ही पूरा कर लिया गया है।
संस्थागत प्रसव में 109.26 प्रतिशत लक्ष्य हासिल
नारायणपुर जिले की इस उपलब्धि के पीछे कलेक्टर नम्रता जैन का मार्गदर्शन, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी का नेतृत्व और राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन का प्रभावी क्रियान्वयन महत्वपूर्ण रहा है। कठिन भौगोलिक परिस्थितियों और दुर्गम वनांचलों के बावजूद स्वास्थ्य विभाग के मैदानी अमले ने गर्भवती महिलाओं तक स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाने के लिए लगातार प्रयास किए।
गांव-गांव में मितानिनों, ग्रामीण स्वास्थ्य अधिकारियों और सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारियों ने घर-घर पहुंचकर महिलाओं को अस्पतालों में प्रसव कराने के लिए जागरूक किया। बेहतर रेफरल परिवहन व्यवस्था और नियमित मॉनिटरिंग से दूरस्थ इलाकों की गर्भवती महिलाओं को भी समय पर अस्पताल पहुंचाने में मदद मिली।
अबूझमाड़ के दूरस्थ गांवों तक पहुंचीं स्वास्थ्य सुविधाएं
नारायणपुर जैसे संवेदनशील और वनाच्छादित जिले में गर्भवती महिलाओं को सुरक्षित प्रसव की सुविधा उपलब्ध कराना हमेशा चुनौतीपूर्ण रहा है। लेकिन स्वास्थ्य विभाग की योजनाओं और मैदानी कर्मचारियों की सक्रियता से अब दूरस्थ क्षेत्रों की महिलाएं भी संस्थागत प्रसव के लिए अस्पताल पहुंच रही हैं।
जिले में हुए कुल प्रसव में नारायणपुर विकासखंड में 1,618 और दुर्गम अबूझमाड़ क्षेत्र के ओरछा विकासखंड में 333 संस्थागत प्रसव दर्ज किए गए हैं। यह आंकड़े दूरस्थ क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं की बढ़ती पहुंच को दर्शाते हैं।
जिला अस्पताल में सबसे ज्यादा 710 सुरक्षित प्रसव
जिले की विभिन्न स्वास्थ्य संस्थाओं में हुए प्रसव के आंकड़े भी उत्साहजनक हैं। नारायणपुर जिला अस्पताल में सबसे अधिक 710 प्रसव दर्ज किए गए। इनमें अकेले अक्टूबर महीने में 125 सुरक्षित प्रसव हुए।
अन्य स्वास्थ्य संस्थाओं का प्रदर्शन इस प्रकार रहा:
- सीएचसी ओरछा और छोटे डोंगर: कुल 252 प्रसव, जिनमें ओरछा में 147 और छोटे डोंगर में 105 प्रसव हुए।
- पीएचसी धौड़ाई और बेनूर: कुल 232 प्रसव, जिनमें धौड़ाई में 148 और बेनूर में 84 प्रसव दर्ज किए गए।
- उप स्वास्थ्य केंद्र: ग्रामीण क्षेत्रों में कुल 403 प्रसव हुए। इनमें दूरस्थ आकाबेड़ा में 24, नेडनार में 20 और इहनार में 20 प्रसव शामिल हैं।
- निजी एवं स्वयंसेवी संस्थाएं: असीसी शांति अस्पताल में 169 और रामकृष्ण मिशन में 93 प्रसव हुए। दोनों संस्थाओं में कुल 262 प्रसव दर्ज किए गए।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने स्वास्थ्य टीम की सराहना की
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने नारायणपुर जिले की इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि दुर्गम और वनाच्छादित अबूझमाड़ में स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार होना अत्यंत हर्ष का विषय है। सरकार का स्पष्ट लक्ष्य है कि राज्य के अंतिम छोर पर बैठे व्यक्ति और प्रत्येक गर्भवती माता तक बेहतर एवं सुरक्षित स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचें।
मुख्यमंत्री ने कहा कि कलेक्टर, स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों, मितानिनों और पूरे मैदानी तंत्र की मेहनत से यह साबित हुआ है कि दृढ़ इच्छाशक्ति के साथ हर चुनौती को पार किया जा सकता है। यह उपलब्धि विकसित छत्तीसगढ़ की दिशा में एक मजबूत कदम है।
स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने दी बधाई
स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने भी नारायणपुर जिले की उपलब्धि पर खुशी जताते हुए कहा कि यह गर्व का विषय है कि जिले ने संस्थागत प्रसव के मामले में 100 प्रतिशत से अधिक लक्ष्य हासिल कर राज्य में उत्कृष्ट स्थान प्राप्त किया है।
उन्होंने कहा कि जिन दूरस्थ वनांचलों में पहले स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच कठिन थी, वहां आज मितानिनों, ग्रामीण स्वास्थ्य अधिकारियों और चिकित्सकों के प्रयासों से महिलाएं जागरूक होकर अस्पतालों में प्रसव करा रही हैं। यह उपलब्धि मातृ एवं शिशु मृत्यु दर कम करने की मुहिम में मील का पत्थर साबित होगी।
सुरक्षित मातृत्व को बनाया गया सर्वोच्च प्राथमिकता
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी और जिला कार्यक्रम प्रबंधक ने इस सफलता के लिए स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों-कर्मचारियों, मितानिनों, मैदानी अमले और राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन की पूरी टीम को बधाई दी है।
अधिकारियों के मुताबिक, प्रत्येक गर्भवती महिला को सुरक्षित, सम्मानजनक और निःशुल्क स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता है। नारायणपुर की यह उपलब्धि दर्शाती है कि बेहतर प्रबंधन, जागरूकता और स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार से दुर्गम क्षेत्रों में भी मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य के संकेतकों में सुधार लाया जा सकता है।




