
नारायणपुर, 17 अक्टूबर 2026
छत्तीसगढ़ में सेवा संकल्प अभियान के अंतिम दिवस नारायणपुर में जिला स्तरीय पंच-सरपंच प्रशिक्षण एवं उन्मुखीकरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में वन मंत्री श्री केदार कश्यप ने ग्रामीण विकास योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और जनभागीदारी बढ़ाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि गांवों के विकास और शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने में पंच-सरपंचों की महत्वपूर्ण भूमिका है।
नारायणपुर के सिनेमा ऑडिटोरियम में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए वन मंत्री ने कहा कि पंचायत प्रतिनिधि ग्रामीणों की जरूरतों को समझकर विकास की प्राथमिकताएं तय करें। साथ ही, योजनाओं के क्रियान्वयन में लोगों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करें, ताकि ग्रामीण क्षेत्रों में विकास कार्यों को गति मिल सके।
जनविश्वास और जनभागीदारी से बेहतर होंगे परिणाम
वन मंत्री श्री कश्यप ने विकसित भारत जी राम जी योजना की सफलता के लिए पंचायत प्रतिनिधियों से सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि पंच-सरपंच गांवों में जाकर लोगों को योजनाओं के उद्देश्य और उनके लाभों की जानकारी दें। पात्र हितग्राहियों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए प्रशासन के साथ समन्वय बनाकर काम करें। उन्होंने कहा कि जनविश्वास और जनभागीदारी से ही ग्रामीण विकास योजनाओं के बेहतर परिणाम सामने आएंगे।
निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और समय-सीमा पर जोर
श्री कश्यप ने पंचायतों में स्वीकृत निर्माण कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने की आवश्यकता बताई। उन्होंने स्कूल भवन, आंगनबाड़ी केंद्र, छात्रावास, सामुदायिक भवन, बालिका शौचालय, मुक्तिधाम, सड़क, पुल-पुलिया और महतारी सदन जैसे जनोपयोगी कार्यों को समय पर पूरा करने पर जोर दिया।
उन्होंने पंचायत प्रतिनिधियों से निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और प्रगति की नियमित निगरानी करने को कहा, ताकि ग्रामीणों को जल्द बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें।
स्थानीय संसाधनों से बढ़ेगी ग्रामीण परिवारों की आय
वन मंत्री ने ग्रामीण परिवारों की आय बढ़ाने के लिए स्थानीय संसाधनों पर आधारित आजीविका गतिविधियों को प्रोत्साहित करने की बात कही। उन्होंने क्षेत्र की संभावनाओं के अनुरूप मछली पालन और बतख पालन के लिए कार्ययोजना तैयार करने तथा पात्र हितग्राहियों को इन गतिविधियों से जोड़ने के निर्देश दिए।
कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ राज्य लघु वनोपज संघ के अध्यक्ष श्री रूपसाय सलाम, जिला पंचायत अध्यक्ष श्री नारायण मरकाम, नगर पालिका अध्यक्ष श्री इंद्र प्रसाद बघेल, कलेक्टर श्रीमती नम्रता जैन, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री चित्रकांत चाली ठाकुर सहित पंचायत प्रतिनिधि और संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।




