छत्तीसगढ़जगदलपुरबस्तर संभाग

बस्तर दशहरा में रथ का रास्ता बदलने से हादसा, श्रद्धालुओं पर गिरा बिजली का खंभा, आधा दर्जन से अधिक घायल

जगदलपुर,17 अक्टूबर 2026

छत्तीसगढ़ के बस्तर दशहरा में फूल रथ की परिक्रमा के दौरान अचानक मार्ग बदलने से बड़ा हादसा हो गया। रथ के बिजली के खंभे से टकराने के बाद खंभा वहां मौजूद श्रद्धालुओं पर गिर पड़ा। इस घटना में आधा दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए। वहीं, एक स्कूटी सवार रथ की चपेट में आने से बाल-बाल बच गया। पूरी घटना पास में लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई।

जानकारी के मुताबिक, जगदलपुर में रथ परिक्रमा के दौरान फूल रथ निर्धारित मार्ग से हटकर अचानक यामाहा शो-रूम के सामने पहुंच गया। इस दौरान रथ बिजली के खंभे से टकरा गया। खंभा गिरते ही वहां मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई।

बिजली के तारों से निकली चिंगारी

रथ के बिजली के खंभे से टकराते ही बिजली के तारों से चिंगारियां निकलने लगीं। खंभा गिरने से वहां रथ परिक्रमा देख रहे करीब दो दर्जन लोगों के बीच भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। लोग जान बचाकर इधर-उधर भागने लगे। गनीमत रही कि कोई भी व्यक्ति करंट की चपेट में नहीं आया, अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था।

रथ का मार्ग बदलने से बिगड़ी व्यवस्था

बताया जा रहा है कि सिरासार चौक से पावर हाउस चौक की ओर अचानक रथ ले जाने से व्यवस्था बिगड़ गई। मौके पर मौजूद पुलिस अधिकारियों ने रथ खींच रहे लोगों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन स्थिति को नियंत्रित करने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। इसी दौरान एक स्कूटी सवार भी रथ की चपेट में आने से बाल-बाल बच गया।

शरारती लोगों पर रूट बदलने का आरोप

स्थानीय लोगों के मुताबिक, रथ खींचने वाले समूह में शामिल कुछ लोगों ने कथित तौर पर रथ का निर्धारित मार्ग बदल दिया और उसे तेजी से पावर हाउस चौक की ओर खींच लिया। अचानक हुए हादसे से श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों में नाराजगी है। वहीं, घटना के बाद रथ परिक्रमा देखने आए लोगों के बीच भी दहशत का माहौल बन गया।

Related Articles

Back to top button
You Cannot able to copy the content! All Reserved Rights of Bastar Dagar