सुरक्षा के घेरे में पेट्रोल पंप: पुलिस ने चस्पा किए इमरजेंसी नंबर, दिए सख्त निर्देश

रायपुर। राजधानी रायपुर समेत छत्तीसगढ़ के कई जिलों में पेट्रोल-डीजल को लेकर लोगों की भीड़ पेट्रोल पंपों पर उमड़ रही है। फ्यूल स्टेशनों पर लंबी कतारें देखने को मिल रही हैं। प्रशासन का कहना है कि अफवाहों के कारण लोग जरूरत से ज्यादा पेट्रोल-डीजल भरवा रहे हैं।
स्थिति को देखते हुए रायपुर पुलिस ने पेट्रोल पंपों की सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। पुलिस द्वारा पेट्रोल पंपों पर इमरजेंसी कॉन्टैक्ट नंबर वाले पोस्टर चस्पा किए जा रहे हैं, ताकि किसी भी संदिग्ध गतिविधि या आपराधिक घटना की सूचना तुरंत पुलिस तक पहुंचाई जा सके।
पोस्टरों में पुलिस कंट्रोल रूम, स्थानीय थाना प्रभारी, डायल-112 समेत अन्य महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबर दर्ज किए गए हैं। इसके साथ ही पेट्रोल पंप संचालकों और कर्मचारियों को रात्रिकालीन सतर्कता, सीसीटीवी कैमरे चालू रखने और नगदी के सुरक्षित प्रबंधन के निर्देश भी दिए गए हैं।
इधर, रायपुर कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह ने ऑयल कंपनियों और डीलर्स की बैठक लेकर साफ निर्देश दिए हैं कि आम जनता को पेट्रोल-डीजल की सप्लाई में किसी प्रकार की दिक्कत नहीं होनी चाहिए।
कलेक्टर ने शहर में ईंधन टैंकरों की 24 घंटे आवाजाही की अनुमति भी दी है, ताकि किसी भी पेट्रोल पंप पर स्टॉक की कमी न हो। साथ ही कालाबाजारी की शिकायत मिलने पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।




