छत्तीसगढ़जगदलपुरबस्तर संभाग

Bastar News Update: बाढ़ प्रभावितों की मदद को आगे आए स्कूली बच्चे, करंट से विद्युत कर्मी की मौत; सड़क हादसे में मामा की मौत, पिता ने बेटे को मार डाला

जगदलपुर,6 अक्टूबर 2026

बाढ़ प्रभावितों की मदद के लिए आगे आए स्कूली बच्चे

इंद्रावती नदी किनारे बसे 63 गांवों के रहवासी बाढ़ का दंश झेल रहे हैं। बाढ़ में घरों के ढहने के बाद जरूरी सामान निकालने के लिए ग्रामीणों को मजदूर तक नहीं मिल पा रहे हैं। ऐसे मुश्किल वक्त में करीतगांव हाई स्कूल के छात्र-छात्राएं बाढ़ प्रभावितों की मदद के लिए आगे आए हैं।

राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) के सदस्य 12वीं कक्षा के छात्र-छात्राओं ने सोमवार को कुरुषपाल बस्ती पहुंचकर बाढ़ पीड़ित ग्रामीणों के घरों से जरूरी सामान निकालने में मदद की। NSS प्रभारी राहुल सिंह ठाकुर ने बताया कि विपदा के समय लोगों की सेवा करना ही राष्ट्रीय सेवा योजना का उद्देश्य है। टीम ने केशाबती राजू, देवकी भारती सहित तीन पीड़ित परिवारों के घर पहुंचकर सहायता की। मंगलवार को भी NSS की टीम बाढ़ पीड़ितों की मदद करेगी।

करंट की चपेट में आकर विद्युत कर्मी की मौत

विश्रामपुरी। बिजली सुधार के दौरान संविदा विद्युत कर्मी घनश्याम निषाद की करंट की चपेट में आने से मौत हो गई। जानकारी के अनुसार रविवार शाम ग्राम पंचायत भवन विश्रामपुरी (अ) के पास बिजली पोल पर शिकायत के बाद घनश्याम मौके पर पहुंचे थे। उन्होंने नियमानुसार शटडाउन लेकर लाइन सुधारने का काम शुरू किया।

इसी दौरान अचानक लाइन में बिजली सप्लाई आ गई और घनश्याम जोरदार करंट की चपेट में आ गए। करंट से शरीर झुलस गया और वे सिर के बल जमीन पर गिर पड़े। गंभीर हालत में उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र विश्रामपुरी ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मर्ग कायम कर शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी है।

बताया गया कि घनश्याम पिछले कई वर्षों से विभाग में संविदा कर्मी के रूप में काम कर रहे थे। उनकी जनवरी 2027 में शादी होने वाली थी। घर में उनकी मां और एक बहन हैं।

सड़क दुर्घटना में मामा की मौत, भांजा घायल

फरसगांव। नेशनल हाईवे-30 पर सारबेडा के पास रविवार रात करीब 11 बजे दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। बाइक सवार मामा-भांजे सड़क किनारे खड़े ट्रक के पीछे जा टकराए। हादसे में शिवलाल मरकाम की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनका भांजा मनोज सलाम गंभीर रूप से घायल हो गया।

घटना की सूचना मिलते ही फरसगांव पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों को अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने शिवलाल को मृत घोषित कर दिया। वहीं मनोज को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए कांकेर रेफर किया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे की जांच शुरू कर दी है।

पिता ने बेटे को उतारा मौत के घाट

सुकमा। शहर के कुम्हाररास इलाके में पारिवारिक विवाद के दौरान पिता ने अपने ही बेटे की टांगिया से हमला कर हत्या कर दी। घटना 4 अक्टूबर की बताई गई है। सूचना मिलने के बाद सिटी कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।

पुलिस के अनुसार कुम्हाररास निवासी वेट्टी लक्ष्मण (30) का शराब के नशे में अपने पिता वेट्टी हड़मा (50) से पारिवारिक विवाद हो गया। विवाद बढ़ने पर पिता ने धारदार टांगिया से बेटे पर हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने से लक्ष्मण की मौके पर ही मौत हो गई।

पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर FSL की मौजूदगी में भौतिक साक्ष्य जुटाए और शव का पोस्टमार्टम कराया। आरोपी पिता को गिरफ्तार कर हत्या में प्रयुक्त टांगिया बरामद कर लिया गया है। आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।

Related Articles

Back to top button
You Cannot able to copy the content! All Reserved Rights of Bastar Dagar