छत्तीसगढ़जगदलपुर/बकावंड/

घंटों बिजली गुल रहने से बकावंड बैंक में कामकाज ठप, किसान और खाताधारक परेशान

केसीसी, जमा-निकासी सहित बैंकिंग सेवाएं प्रभावित, किसानों ने बिजली व्यवस्था पर उठाए सवाल

जगदलपुर,13 जुलाई 2026,बकावंड ब्लॉक स्थित जिला सहकारी केंद्रीय बैंक मर्यादित, शाखा बकावंड में घंटों तक बिजली आपूर्ति बाधित रहने के कारण बैंक का कामकाज पूरी तरह प्रभावित रहा। बिजली नहीं होने से किसानों के किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी) से जुड़े कार्य, नकद लेन-देन, जमा-निकासी सहित अन्य बैंकिंग सेवाएं ठप रहीं। इससे बैंक पहुंचे किसानों और खाताधारकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा।

सुबह से बैंक पहुंचे किसान और खाताधारक अपनी बारी का इंतजार करते रहे, लेकिन लंबे समय तक बिजली बहाल नहीं होने के कारण अधिकांश लोग बिना काम कराए ही निराश होकर लौटने को मजबूर हो गए। बैंक परिसर के बाहर बड़ी संख्या में लोग घंटों तक बिजली आने का इंतजार करते रहे।

इस दौरान किसानों ने नाराजगी जताते हुए कहा कि बैंक जैसी महत्वपूर्ण संस्था में निर्बाध बिजली व्यवस्था अथवा वैकल्पिक बैकअप की व्यवस्था होना आवश्यक है, ताकि किसानों और आम नागरिकों को इस तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े। किसानों ने आरोप लगाया कि क्षेत्र में बिजली आपूर्ति को लेकर विद्युत विभाग की लापरवाही के कारण बार-बार ऐसी स्थिति उत्पन्न होती है, जिसका सीधा असर आम लोगों पर पड़ता है।

विद्युत विभाग का पक्ष
इस संबंध में बकावंड विद्युत वितरण केंद्र के कनिष्ठ अभियंता (जेई) अजय ठाकुर ने बताया कि आगे की मेन लाइन में फॉल्ट (शॉर्ट) आने के कारण बिजली आपूर्ति बाधित हुई है। फॉल्ट सुधारने के लिए विभाग की टीम मौके पर कार्य कर रही है। तकनीकी खराबी होने के कारण मरम्मत में कुछ समय लगेगा, जिसके बाद बिजली आपूर्ति सामान्य कर दी जाएगी।

बैंक में घंटों तक बिजली नहीं रहने से बैंकिंग व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित रही और किसानों का महत्वपूर्ण समय भी बर्बाद हुआ। हालांकि विद्युत विभाग ने तकनीकी खराबी दूर करने का कार्य जारी होने की जानकारी दी है। अब किसानों और खाताधारकों को उम्मीद है कि बिजली आपूर्ति जल्द सामान्य होगी तथा भविष्य में बैंक जैसी आवश्यक सेवाओं के लिए निर्बाध बिजली और प्रभावी बैकअप व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी।

Related Articles

Back to top button
You Cannot able to copy the content! All Reserved Rights of Bastar Dagar