बस्तर में साइबर अपराधों की रोकथाम को लेकर बैंक प्रबंधकों की बैठक

बस्तर,26 अगस्त 2026
पुलिस मुख्यालय छत्तीसगढ़ के निर्देश एवं बस्तर पुलिस अधीक्षक शलभ कुमार सिन्हा के मार्गदर्शन में मंगलवार को बस्तर थाना परिसर में साइबर अपराधों की रोकथाम को लेकर क्षेत्र के बैंक प्रबंधकों की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता थाना प्रभारी संतोष सिंह ने की।
बैठक में भारतीय स्टेट बैंक, एचडीएफसी बैंक, छत्तीसगढ़ ग्रामीण बैंक, आईसीआईसीआई बैंक, बैंक ऑफ इंडिया सहित बस्तर थाना क्षेत्र में संचालित विभिन्न बैंकों के शाखा प्रबंधक उपस्थित रहे। इस दौरान साइबर ठगी के बढ़ते मामलों, ग्रामीण क्षेत्रों में साइबर जागरूकता तथा बैंक ग्राहकों को सुरक्षित डिजिटल लेन-देन के प्रति जागरूक करने के संबंध में चर्चा की गई।
थाना प्रभारी संतोष सिंह ने बैंक अधिकारियों से साइबर अपराधों की रोकथाम के लिए पुलिस एवं बैंक प्रबंधन के बीच समन्वय मजबूत करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि ऑनलाइन ठगी, फर्जी कॉल, केवाईसी अपडेट के नाम पर धोखाधड़ी तथा अनजान लिंक के माध्यम से बैंक खातों से राशि निकालने जैसी घटनाओं से बचाव के लिए लोगों में जागरूकता आवश्यक है।
बैठक में निर्णय लिया गया कि बैंक प्रबंधन अपने ग्राहकों, विशेषकर ग्रामीण खाताधारकों को साइबर अपराध से बचाव के उपायों की जानकारी देंगे। बैंक परिसरों में साइबर सुरक्षा संबंधी जागरूकता सामग्री एवं पोस्टर लगाए जाएंगे। ग्राहकों को ओटीपी, एटीएम पिन, पासवर्ड तथा अन्य गोपनीय बैंकिंग जानकारी साझा नहीं करने और अनजान लिंक पर क्लिक नहीं करने की समझाइश दी जाएगी।
पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि ऑनलाइन लेन-देन के दौरान सावधानी बरतें तथा किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि या साइबर ठगी की स्थिति में तत्काल पुलिस को सूचना दें। बैठक में साइबर अपराधों की रोकथाम के लिए पर भी सहमति बनी।




