छत्तीसगढ़बस्तर संभाग

15 अगस्त को बस्तर में सजेगी ‘उल्लास महाचौपाल’, टॉर्च रैली और प्रभात फेरी से चलेगा साक्षरता अभियान

बस्तर, 7 अगस्त 2026

छत्तीसगढ़ शासन के निर्देशानुसार वर्ष 2026-27 में प्रदेश को शत-प्रतिशत साक्षर बनाने के लक्ष्य के तहत बस्तर जिले में उल्लास महाचौपाल की तैयारियां तेज हो गई हैं।

विकास खंड साक्षरता मिशन प्राधिकरण, बस्तर द्वारा संकुल समन्वयकों, ग्राम प्रभारियों और एनआरएलएम स्व-सहायता समूहों की बैठक आयोजित कर कार्यक्रम को व्यापक स्तर पर सफल बनाने के निर्देश दिए गए।

बैठक में सहायक खंड शिक्षा अधिकारी एवं नोडल अधिकारी सुशील कुमार तिवारी ने बताया कि 15 अगस्त, स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर साक्षरता का उल्लास मनाया जाएगा। इसका उद्देश्य 15 वर्ष से अधिक आयु के उन वयस्कों को साक्षर बनाना है, जिन्होंने औपचारिक स्कूली शिक्षा प्राप्त नहीं की है।

उन्होंने बताया कि 14 अगस्त की शाम को उल्लास साक्षरता मोबाइल टॉर्च रैली और मशाल रैली निकाली जाएगी। वहीं 15 अगस्त की सुबह प्रभात फेरी के साथ उल्लास साक्षरता ध्वजारोहण कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।

कार्यक्रम की व्यापक भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए ग्राम पंचायतों में कोटवारों द्वारा मुनादी कराई जाएगी। समापन अवसर पर उपस्थित नागरिकों और नवसाक्षरों को ‘मैंने लिया उल्लास का संकल्प, जन-जन साक्षर’ की शपथ दिलाई जाएगी। साथ ही अंगूठा मुक्त पंचायतों को वार्ड प्रमाण पत्र और पुष्पगुच्छ देकर सम्मानित किया जाएगा।

खंड शिक्षा अधिकारी भारती देवांगन ने कहा कि “तभी सुंदर बस्तर, साक्षर बस्तर कहलाएगा।” उन्होंने सभी से बस्तर ब्लॉक को पूर्ण साक्षर बनाने के संकल्प के साथ अभियान को सफल बनाने का आह्वान किया।

Related Articles

Back to top button
You Cannot able to copy the content! All Reserved Rights of Bastar Dagar