
जगदलपुर। 15 जून 2026। पंडित श्यामा प्रसाद मुखर्जी सभागार (टाउन हॉल) में सोमवार को मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के तहत भव्य सामूहिक विवाह समारोह आयोजित किया गया, जिसमें कुल 17 जोड़े वैदिक मंत्रोच्चार और शहनाई की धुन के बीच दाम्पत्य सूत्र में बंधे।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में विधायक किरण सिंह देव उपस्थित रहे, जिन्होंने नवविवाहित जोड़ों पर अक्षत व पुष्प वर्षा कर सुखी दांपत्य जीवन की शुभकामनाएं दीं।
इस समारोह की विशेष बात यह रही कि इसमें पुनर्वासित 2 जोड़े भी शामिल हुए, जिन्होंने समाज की मुख्यधारा में लौटकर नया जीवन शुरू किया। इनमें पिलसाय सलाम संग सिरबत्ती तथा पतिराम संग मनाय कश्यप शामिल रहे। इन जोड़ों ने आत्मसमर्पण के बाद गृहस्थ जीवन अपनाकर नए भविष्य की दिशा में कदम बढ़ाया।
विधायक किरण सिंह देव ने कहा कि मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना गरीब एवं जरूरतमंद परिवारों के लिए बड़ी राहत है। इससे न केवल आर्थिक बोझ कम होता है बल्कि सामाजिक सम्मान के साथ बेटियों का विवाह सुनिश्चित होता है।
उन्होंने कहा कि सरकार की पुनर्वास नीति के तहत ऐसे प्रयास बस्तर में शांति और विकास की नई दिशा तय कर रहे हैं। सभी 17 जोड़ों को उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी गईं।
कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक शलभ सिन्हा, छत्तीसगढ़ राज्य अनुसूचित जनजाति आयोग के अध्यक्ष रूपसिंह मंडावी, नगर निगम सभापति खेमसिंह देवांगन, जनपद अध्यक्ष पदलाम नाग सहित कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।




