
जगदलपुर,3 अक्टूबर 2026
जगदलपुर में शनिवार को ओबीसी महासभा ने 27 प्रतिशत आरक्षण और जातिगत जनगणना की मांग को लेकर शक्ति प्रदर्शन किया। प्रदेश अध्यक्ष राधेश्याम साहू के निर्देशन और बस्तर संभागीय अध्यक्ष दिनेश यदु के नेतृत्व में बस्तर संभाग के सामाजिक बंधुओं ने शहर के मुख्य मार्गों से विशाल रैली निकाली। हाथों में मांगों से जुड़ी तख्तियां लेकर प्रदर्शनकारी कलेक्ट्रेट परिसर पहुंचे, जहां राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, राज्यपाल और मुख्यमंत्री के नाम डिप्टी कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा गया।
ओबीसी महासभा ने केंद्र सरकार से वर्ष 2027 की राष्ट्रीय जनगणना में अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) के लिए अलग कॉलम निर्धारित कर जातिगत जनगणना कराने की मांग की। इसके साथ ही छत्तीसगढ़ में ओबीसी को 27 प्रतिशत आरक्षण तत्काल लागू करने की मांग उठाई गई।
संभागीय अध्यक्ष दिनेश यदु ने कहा कि इन मांगों को लेकर कई बार ज्ञापन सौंपे जा चुके हैं, लेकिन अभी तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। उन्होंने कहा कि ओबीसी समाज की वास्तविक जनसंख्या का आंकड़ा सामने आने से उसकी सामाजिक, आर्थिक और शैक्षणिक स्थिति का सही आकलन किया जा सकेगा। उनके अनुसार जातिगत जनगणना के आंकड़े भविष्य की सरकारी नीतियों, योजनाओं और आरक्षण व्यवस्था के लिए महत्वपूर्ण आधार बन सकते हैं।
दिनेश यदु ने कहा कि यदि नवंबर 2026 तक मांगों पर विचार नहीं किया गया, तो ओबीसी महासभा दिल्ली के जंतर-मंतर पर आंदोलन करेगी। जिला अध्यक्ष रघुवंश यादव ने भी कहा कि मांगें पूरी नहीं होने पर सड़क से लेकर सदन तक आंदोलन जारी रखा जाएगा।
ज्ञापन सौंपने के बाद संभागीय अध्यक्ष दिनेश यदु के नेतृत्व में बस्तर संभाग के पदाधिकारी और समाजजन कोंडागांव में आयोजित सर्व पिछड़ा वर्ग ओबीसी महासभा की आमसभा में शामिल होने के लिए रवाना हुए। इस दौरान संभागीय उपाध्यक्ष तुलसीराम ठाकुर, जिला अध्यक्ष रघुवंश यादव, शहर अध्यक्ष मनमोहन यादव समेत बड़ी संख्या में पदाधिकारी और समाजजन मौजूद रहे।




