
जगदलपुर,31 अगस्त 2026
बस्तर धाकड़ समाज कल्याण समिति जिला बस्तर की बैठक मावली मंदिर, जगदलपुर में जिला अध्यक्ष नरेंद्र सिंह ठाकुर की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में समाज के विकास, सामाजिक गतिविधियों को गति देने, बालिका शिक्षा को प्रोत्साहित करने और समाज के आर्थिक सशक्तीकरण को लेकर कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।
बैठक में वित्तीय पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए सभी क्षेत्रीय अध्यक्षों, सचिवों एवं कोषाध्यक्षों को अपने-अपने क्षेत्रों में बैंक खाता खोलने के निर्देश दिए गए। साथ ही आय-व्यय का व्यवस्थित लेखा-जोखा रखने और वित्तीय लेन-देन में पारदर्शिता बनाए रखने पर जोर दिया गया।
समाज की बालिकाओं को शिक्षा के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए विशेष योजना को आगे बढ़ाने पर चर्चा हुई। इसके संचालन के लिए पृथक बैंक खाता खोलने का निर्णय लिया गया। समाज की बेटियों की शिक्षा को प्रोत्साहित करने के लिए सामूहिक स्तर पर प्रयास करने पर भी जोर दिया गया।
बैठक में जरूरतमंद समाजजनों की सहायता के लिए ‘कल्याण निधि’ योजना गठित करने का निर्णय लिया गया। इसके माध्यम से समाज में बचत की भावना को बढ़ावा देने के साथ जरूरत के समय पात्र सदस्यों को ऋण सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में कार्य किया जाएगा।
समिति की वित्तीय व्यवस्था में पारदर्शिता बनाए रखने के लिए आगामी छह माह के भीतर ऑडिट कराने का निर्णय भी लिया गया। जिला अध्यक्ष नरेंद्र सिंह ठाकुर ने समाजजनों से योजनाओं के सफल क्रियान्वयन में सहयोग और सक्रिय भागीदारी की अपील की।
बैठक में उपाध्यक्ष तुलाराम ठाकुर, बद्रीनाथ ठाकुर, पुरन ठाकुर, सचिव राजुराम ठाकुर, सह सचिव लक्ष्मण सिंह ठाकुर, प्रवक्ता शंकर ठाकुर, सुरेन्द्र ठाकुर, लंबोदर ठाकुर, मीडिया प्रभारी प्रेमसागर ठाकुर सहित क्षेत्रीय अध्यक्ष एवं बड़ी संख्या में समाजजन उपस्थित रहे।




