बस्तर की बिहान दीदियां बनेंगी उद्यमी, बकावंड, तोकापाल और लोहण्डीगुड़ा में खुलेंगे तीन नए वनधन विकास केंद्र

जगदलपुर,13 नवम्बर 2026
छत्तीसगढ़ के बस्तर जिले की ग्रामीण महिलाओं को आत्मनिर्भर और आर्थिक रूप से सशक्त बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की जा रही है। जिले के बकावंड, तोकापाल और लोहण्डीगुड़ा विकासखंड में तीन नए वनधन विकास केंद्र स्वीकृत किए गए हैं। इन केंद्रों का संचालन स्वयं सहायता समूहों की बिहान दीदियां करेंगी। प्रत्येक केंद्र के लिए 15 लाख रुपये का बजट स्वीकृत किया गया है।
राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के अंतर्गत छत्तीसगढ़ राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन और ट्राईफेड इंडिया के संयुक्त समन्वय से इन केंद्रों की स्थापना की जाएगी। केंद्रों के सुचारू संचालन और बजट के प्रभावी उपयोग को लेकर 13 नवंबर को जिला पंचायत बस्तर में एक दिवसीय प्रशिक्षण सह कार्यशाला आयोजित की गई।
कार्यशाला में वनधन केंद्रों की समितियों के पदाधिकारियों, ब्लॉक स्तर के बीपीएम, क्षेत्रीय समन्वयकों, एफपीसी सीईओ और उत्पादक समूहों के सदस्यों ने हिस्सा लिया। ट्राईफेड इंडिया के प्रतिनिधि अमित दुबे, वन विभाग के अविनाश जी कीर्तिवर्धन और बिहान मिशन के अधिकारियों ने प्रतिभागियों को केंद्रों के संचालन, सदस्यों की जिम्मेदारियों और वनोपजों के वैज्ञानिक संग्रहण, सुरक्षित भंडारण एवं प्रसंस्करण की जानकारी दी।
प्रशिक्षण के दौरान 15 लाख रुपये के बजट के उपयोग, बिल-वाउचर के संधारण और वित्तीय पारदर्शिता बनाए रखने के तरीकों पर भी विस्तार से चर्चा की गई। इसके साथ ही तीनों केंद्रों के लिए आगामी कार्ययोजना तैयार की गई।
इन केंद्रों में क्षेत्र की प्रमुख वनोपजों जैसे महुआ, इमली, हर्रा, बहेड़ा, आंवला, शहद और लाख के प्रसंस्करण पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। विशेषज्ञों ने बिहान दीदियों को कच्ची वनोपज बेचने के बजाय उनका प्रसंस्करण कर आकर्षक पैकेजिंग और ब्रांडिंग के साथ बाजार में उतारने के लिए प्रोत्साहित किया। इससे उत्पादों को ट्राईफेड के माध्यम से बड़े बाजारों से जोड़ने और महिलाओं की आमदनी बढ़ाने में मदद मिलेगी।
ट्राईफेड प्रतिनिधि अमित दुबे ने कहा कि वनधन विकास केंद्र केवल वनोपज संग्रहण का स्थान नहीं, बल्कि बिहान दीदियों का अपना उद्यम है। बजट का सही उपयोग और समय पर कार्ययोजना लागू करना इसकी सफलता के लिए जरूरी है।
वहीं वन विभाग के अविनाश जी कीर्तिवर्धन ने वनोपज संग्रहण में विभागीय सहयोग, वन अधिकार और पर्यावरण अनुकूल सतत संग्रहण के नियमों की जानकारी दी।
बिहान के जिला कार्यक्रम प्रबंधक ने कहा कि प्राकृतिक वन संपदा से समृद्ध बस्तर में तीन नए वनधन विकास केंद्र खुलने से सैकड़ों ग्रामीण महिलाओं को स्थानीय स्तर पर रोजगार मिलेगा और उनकी आय में उल्लेखनीय वृद्धि होगी। उन्होंने समितियों के पदाधिकारियों से जिम्मेदारी और पारदर्शिता के साथ केंद्रों का संचालन करने की अपील की।




