छत्तीसगढ़बस्तर संभाग

बस्तर में त्योहारों पर यातायात व्यवस्था रहेगी सख्त: बसों में सुरक्षा उपकरण जरूरी, अवैध पार्किंग पर पुलिस ने दी कार्रवाई की चेतावनी

जगदलपुर। आगामी त्योहारों को देखते हुए शहर की यातायात व्यवस्था को सुगम और सुरक्षित बनाए रखने के लिए बस्तर पुलिस और बस परिवहन संघ की बैठक त्रिवेणी परिसर में आयोजित की गई। बैठक में त्योहारों के दौरान बढ़ने वाले यातायात दबाव, भीड़ नियंत्रण और सड़क सुरक्षा को लेकर बस संचालकों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

बैठक पुलिस अधीक्षक बस्तर शालभ कुमार सिन्हा के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुखनंदन राठौर और नगर पुलिस अधीक्षक सुमित कुमार धोत्रे के मार्गदर्शन में हुई। इसमें बस परिवहन संघ और विभिन्न ट्रैवल्स संचालकों सहित करीब 45 पदाधिकारी एवं प्रतिनिधि शामिल हुए।

पुलिस अधिकारियों ने बसों में स्पीड गवर्नर, फर्स्ट एड बॉक्स, सुरक्षा उपकरण, अग्निशमन यंत्र और आपातकालीन खिड़की की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बसों की पार्किंग व्यवस्था को लेकर भी विशेष सावधानी बरतने और अवैध पार्किंग पर पूरी तरह रोक लगाने की हिदायत दी गई।

अधिकारियों ने कहा कि त्योहारों के दौरान सड़कों पर यातायात और लोगों की आवाजाही बढ़ जाती है। ऐसे में दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए बस संचालकों द्वारा सभी आवश्यक सुरक्षा मानकों का पालन किया जाना जरूरी है।

बैठक में विश्वनाथ ट्रैवल्स के संचालक अनुज कुमार सिंह, ए.आर.एम.टी. ट्रैवल्स के संचालक दिलीप सुंदरानी, गुप्ता ट्रैवल्स के संचालक संजय गुप्ता, कुशवाहा ट्रैवल्स के संचालक विक्रम सिंह कुशवाहा, भारत ट्रैवल्स के संचालक नितिन तिवारी, तन्मना ट्रैवल्स के संचालक भीम कश्यप और रॉयल ट्रैवल्स के संचालक बिजेन्द्र समरथ सहित अन्य ट्रैवल्स संचालक एवं पदाधिकारी मौजूद रहे।

इस दौरान यातायात उप पुलिस अधीक्षक जयराम चेरमाको, यातायात प्रभारी मुखुदन सिंह नाग, निरीक्षक कमलेश देवांगन, बोधघाट थाना प्रभारी टामेश्वर चौहान, एसआई सुदर्शन दुबे, राजकुमार आडिल, प्रधान आरक्षक प्रकाश देवांगन सहित यातायात विभाग के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button
You Cannot able to copy the content! All Reserved Rights of Bastar Dagar