CG Crime : बीमा पॉलिसी के नाम पर BSP कर्मचारी से 38 लाख की ठगी, दो आरोपी गिरफ्तार

दुर्ग , 20/05/26। भिलाई स्टील प्लांट (BSP) के एक कर्मचारी से बीमा पॉलिसी में ज्यादा रिटर्न दिलाने का झांसा देकर 38 लाख 30 हजार रुपये की ठगी करने वाले दो आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। मामले में मुख्य आरोपी अभी फरार है, जिसकी तलाश जारी है।
जानकारी के मुताबिक, भिलाई के सेक्टर-4 निवासी संतोष कुमार ने भिलाई भट्टी थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। संतोष कुमार बीएसपी में इलेक्ट्रीशियन के पद पर कार्यरत हैं। उन्होंने बताया कि उन्होंने सिविक सेंटर स्थित एक बीमा कार्यालय में पॉलिसी कराई थी, जिसकी अवधि वर्ष 2022 में पूरी हो चुकी थी। पॉलिसी क्लोज कराने के दौरान फॉर्म भरने में परेशानी होने पर उनकी मुलाकात सेक्टर-6 निवासी के. देवासहायम से हुई, जिसने खुद को बीमा एजेंट बताया।
धीरे-धीरे दोनों के बीच परिचय बढ़ा और देवासहायम ने अधिक लाभ देने वाली बीमा पॉलिसियों का लालच देकर संतोष कुमार को अपने झांसे में ले लिया। आरोपी के कहने पर संतोष ने 14 लाख रुपये का चेक दिया। इसके अलावा परिवार के अन्य सदस्यों की बीमा पॉलिसी कराने के नाम पर 17 लाख 30 हजार रुपये और दिए। वहीं सुपर बाजार से करीब 7 लाख रुपये के इलेक्ट्रॉनिक सामान भी खरीदवाए गए।
जब संतोष कुमार ने पॉलिसी संबंधी दस्तावेज और जानकारी मांगी, तो आरोपी लगातार टालमटोल करने लगा। इसी बीच चेक से रकम भी निकाल ली गई। खुद के साथ ठगी होने का एहसास होने पर संतोष कुमार ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई और संबंधित दस्तावेज व साक्ष्य सौंपे।
मामले की जांच के बाद पुलिस ने सेक्टर-6 निवासी आरोपी रवि कुमार और के. राजेश कुमार को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं मुख्य आरोपी के. देवासहायम अब भी फरार है, जिसकी तलाश जारी है।




