जामबहार में 3.40 करोड़ की लागत से बनेगा नया विद्युत सबस्टेशन, 4500 से अधिक उपभोक्ताओं को मिलेगा लाभ

रायपुर, 01 सितंबर 2026
छत्तीसगढ़ के उद्योग, वाणिज्य, श्रम एवं आबकारी मंत्री लखनलाल देवांगन ने कोरबा जिले के बालको क्षेत्र से लगे ग्राम पंचायत जामबहार में 3.40 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले 33/11 केवी (05 एमवीए क्षमता) विद्युत सबस्टेशन का विधिवत भूमिपूजन किया।
नए सबस्टेशन के निर्माण से क्षेत्र में बिजली आपूर्ति की गुणवत्ता में सुधार होगा। साथ ही आसपास के अन्य सबस्टेशनों पर पड़ने वाला अतिरिक्त दबाव कम होगा और उपभोक्ताओं को अधिक सुचारू विद्युत आपूर्ति मिल सकेगी।
शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों को मिलेगा लाभ
सबस्टेशन के निर्माण से कोरबा शहरी क्षेत्र के रूमगरा, बेलगिरी बस्ती, मदरसा मोहल्ला, हवाई पट्टी, खान मोहल्ला और जोगियाडेरा सहित विभिन्न बस्तियों में बिजली आपूर्ति बेहतर होगी।
वहीं ग्रामीण क्षेत्रों में जामबहार, रोकबहरी, सोनपुरी, परसाबातेल और चुहिया के लोगों को भी इसका लाभ मिलेगा। योजना से 4500 से अधिक उपभोक्ता सीधे लाभान्वित होंगे।
सौर ऊर्जा योजनाओं का लाभ लेने की अपील
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री लखनलाल देवांगन ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की मंशा हर घर तक समुचित और गुणवत्तापूर्ण बिजली पहुंचाने की है।
उन्होंने ग्रामीणों से ‘प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना’ और ‘बिजली बिल समाधान योजना’ का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की।
क्षेत्रीय विकास के लिए महत्वपूर्ण कदम
कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. पवन सिंह और जिला पंचायत सदस्य रेणुका राठिया ने सबस्टेशन निर्माण को क्षेत्र के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया और मंत्री के प्रयासों की सराहना की।
इस अवसर पर रफीक मेमन, निगम पार्षद नरेंद्र देवांगन, सीमा कंवर, जामबहार सरपंच उपन सिंह कंवर सहित बिजली विभाग के अधीक्षण अभियंता एवं कार्यपालन अभियंता और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।




